ODI एशिया कप 2027 के लिए नेपाल ने किया क्वालीफाई, दूसरी बार टूर्नामेंट में बनाई जगह
नेपाल क्रिकेट टीम को बड़ी उपलब्धि मिली है। 2026 टी-20 विश्व कप खेलने के बाद अब टीम ने एशिया कप 2027 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। यह टूर्नामेंट ODI फॉर्मेट में खेला जाएगा।

नेपाल क्रिकेट टीम ने साल 2026 में आयोजित टी-20 विश्व कप में दमदार प्रदर्शन किया था। इस टीम में कितनी प्रतिभा है बड़े मंच से पूरी दुनिया ने देखा है। अब इसके नाम एक और उपलब्धि हाथ लगी है। नेपाल क्रिकेट टीम ने वनडे एशिया कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। नेपाल की टीम ने एशिया कप के लिए दूसरी बार क्वालीफाई किया है। इससे पहले टीम ने 2023 में एशिया कप में हिस्सा लिया था। इस टूर्नामेंट में नेपाल की टीम ने भारत और पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज के मुकाबले खेले थे।
एसीसी मेन्स प्रीमियर कप 2026 का फाइनल नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच खेला गया। इसे नेपाल ने 44 रनों से अपने नाम किया और एशिया कप में जगह पक्की कर ली। शनिवार को कुआलालंपुर के बयूमास क्रिकेट ओवल में आयोजित इस खिताबी मुकाबले में नेपाल ने यूएई को जीत के लिए 314 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 49.1 ओवर्स में 269 रनों पर सिमट गई। इस जीत के साथ नेपाल क्रिकेट टीम ने आधिकारिक तौर एशिया कप में अपनी जगह पक्की कर ली। भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका के साथ अब नेपाल की टीम भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।
2027 पुरुष वनडे एशिया कप में खेलने वाली सभी 6 टीमें
1. भारत
2. पाकिस्तान
3. श्रीलंका
4. अफगानिस्तान
5. बांग्लादेश
6. नेपाल
शनिवार को मलेशिया के बायूमास ओवल में खेले गए एसीसी प्रीमियर कप के फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करते हुए नेपाल ने 313 रन बनाकर नौ विकेट खोए। यूएई की टीम राहुल चोपड़ा की बदौलत मुकाबले में बनी हुई थी। उन्होंने इस बड़े रन चेज में शतक लगाया। हालांकि, तब भी उनकी टीम मुकाबला हार गई। चोपड़ा का शतक व्यर्थ गया, क्योंकि यूएई की टीम रन चेज के दौरान कोई भी अहम साझेदारी नहीं कर पाई। चोपड़ा एक तरफ डटे रहे, वहीं दूसरी तरफ बल्लेबाजों का आना-जाना लगा रहा। राहुल चोपड़ा के नाबाद शतक के अलावा, तनिष सूरी ने 42 रन बनाए और कप्तान हरप्रीत भाटिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 33 रनों की शानदार पारी खेली। टॉप-3 स्कोररों के बीच इतना बड़ा अंतर इस बात का स्पष्ट संकेत है कि यूएई ने टूर्नामेंट के अंतिम मैच में नेपाल के खिलाफ जीत हासिल करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
नेपाल के गेंदबाजों को इस जीत का श्रेय जाता है, क्योंकि उन्होंने अपने बल्लेबाजों द्वारा दिए गए टारगेट को डिफेंड कर लिया। करण केसी मैच में सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट लिए, वहीं ललित राजबंशी ने दो विकेट लिए और संदीप लामिछाने, रोहित पौडेल, गुलशन झा, बसीर अहमद और दीपेंद्र सिंह ऐरी को एक-एक विकेट हासिल हुए। नेपाल की ओर से बल्लेबाजी करते हुए आसिफ शेख ने 300 रन के पार स्कोर बनाने की नींव रखी। उन्होंने 106 गेंदों में 102 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका यह दूसरा शतक था।
संदीप लामिछाने को 17 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, जबकि आसिफ को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।



