
वेस्टइंडीज को हराकर नेपाल ने किया बड़ा उलटफेर, पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट में किया ये कारनामा
संक्षेप: Nepal vs West Indies- नेपाल की टीम ने उस समय इतिहास रचा, जब उन्होंने तीन मैच की T20I सीरीज के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज को धूल चटाई। यह पहला मौका था जब नेपाल ने किसी टेस्ट प्लेइंग नेशन के सामने जीत दर्ज की हो।
Nepal vs West Indies- एक तरफ हर किसी का ध्यान इंडिया वर्सेस पाकिस्तान एशिया कप 2025 के फाइनल पर है, वहीं दूसरी तरफ यूएई में ही नेपाल की टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ उलटफेर कर इतिहास रच डाला। जी हां, नेपाल ने तीन मैच की T20I सीरीज के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज को 19 रनों से हराया। यह नेपाल की इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी टेस्ट प्लेइंग नेशन में किसी भी फॉर्मेट में पहली जीत है। शारजाह में खेले गए इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए नेपाल ने निर्धारित 20 ओवर में 148 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम की गाड़ी 129 रनों पर ही अटक गई। बता दें, नेपाल की टीम एशिया कप 2025 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी।
नेपाल को किसी टेस्ट प्लेइंग नेशन के खिलाफ पहली जीत दर्ज करने के लिए 180 इंटरनेशनल मैच लग गए। हालांकि टेस्ट मैच का दर्जा प्राप्त टीमों के खिलाफ उन्हें 8 ही मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें यह उनकी पहली जीत है। 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में नेपान ने अफगानिस्तान को हराया था, मगर तब अफगानिस्तान को टेस्ट प्लेइंग नेशन का दर्जा प्राप्त नहीं था।
2022 टी20 वर्ल्ड कप में होबार्ट में स्कॉटलैंड से हारने के बाद, वेस्टइंडीज़ की यह एसोसिएट टीम के खिलाफ एक और हार है। वे 2014 में आयरलैंड से और 2016 टी20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान से हारे थे, तब ये दोनों टीमें एसोसिएट सदस्य थीं। बता दें, वेस्टइंडीज की टीम 4 बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुकी है।
नेपाल ने इस मैच में अपने टी20 करियर का तीसरा सबसे छोटा स्कोर डिफेंड किया। अब उनकी नजरें 29 सितंबर को खेले जाने वाले दूसरे मुकाबले में सीरीज पर कब्जा जमाने पर होगी।
नेपाल द्वारा डिफेंड किए गए सबसे लोएस्ट स्कोर (T20I)
117/8 बनाम ओमान, अल अमराट, 2022
141/5 बनाम अफगानिस्तान, चटगांव, 2014 वर्ल्ड कप
148/8 बनाम वेस्टइंडीज, शारजाह, 2025*
149/8 बनाम हांगकांग, चटगांव, 2014 वर्ल्ड कप
कैसा रहा NEP vs WI मैच?
टॉस हरकर पहले बैटिंग करने उतरी नेपाल की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाने में कामयाब तो रही, मगर उनके किसी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं जड़ा। कप्तान रोहित पौडेल 38 रनों के साथ टीम के हाईएस्ट स्कोरर रहे, वहीं कुशल मल्ला ने 30 रन बनाकर उनका साथ दिया। वेस्टइंडीज के लिए जेसन होल्डर ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए, वहीं नवीन बिदाईसी को तीन सफलताएं मिली।
149 रनों के टारगेट को चेज करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। काईल मेयर्स दूसरे ही ओवर में रन आउट हो गए। इसके बाद नेपाल के गेंदबाजों ने उन्हें ज्यादा मौके नहीं दिए और लगातार अंतराल में विकेट चटकाए। नतीजा यह रहा कि वेस्टइंडीज 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 129 ही रन बना पाया।






