न विराट कोहली, न जो रूट; 2020 के दशक के किंग तो बाबर आजम हैं! बन गए ऐसे पहले बल्लेबाज

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने इस दशक में ऐसा कारनामा किया है जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई और क्रिकेटर नहीं कर पाया है। आज के दौर के रन मशीन जो रूट और विराट कोहली भी वैसा नहीं कर पाए हैं। किंग कोहली तो काफी पीछे हैं। ये कारनामा है 2020 के दशक में 9,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरा करने का।

न विराट कोहली, न जो रूट; 2020 के दशक के किंग तो बाबर आजम हैं! बन गए ऐसे पहले बल्लेबाज

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने इस दशक में ऐसा कारनामा किया है जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई और क्रिकेटर नहीं कर पाया है। आज के दौर के रन मशीन जो रूट और विराट कोहली भी वैसा नहीं कर पाए हैं। किंग कोहली तो बाबर आजम के आस-पास भी नहीं हैं। ये कारनामा है 2020 के बाद से सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का। बाबर आजम 2020 के बाद 9000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन चुके हैं। उन्होंने ये उपलब्धि बांग्लादेश के खिलाफ सिलहट में चल रहे टेस्ट मैच के दौरान हासिल की।

2020 के दशक का बैटिंग किंग!

2020 के दशक में बाबर आजम ने खुद को किंग साबित किया है। चोट की वजह से बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में खेले गए पहले टेस्ट में वह पाकिस्तानी टीम में नहीं थे लेकिन सिलहट में चल रहे दूसरे टेस्ट में उन्होंने वापसी की। वह पाकिस्तान की तरफ से पहली पारी में टॉप स्कोरर रहे। बाबर आजम ने 84 गेंदों में 68 रनों की शानदार पारी खेली। पाकिस्तानी टीम 79 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी लेकिन बाबर आजम की शानदार पारी की बदौलत बांग्लादेश बड़ी लीड नहीं ले पाया।

बाबर आजम ने अपनी पारी में 10 चौके लगाए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 2020 के दशक में 9 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने की उपलब्धि हासिल की। मौजूदा दशक में उनके अलावा किसी भी अन्य बल्लेबाज ने ये उपलब्धि हासिल नहीं की है।

जो रूट दूसरे और मोहम्मद रिजवान तीसरे नंबर पर

बाबर आजम ने 1 जनवरी 2020 से अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 9,060 रन बनाए हैं। उन्होंने 231 पारियां खेली है और उनका औसत 42.53 का रहा है। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के जो रूट हैं जिन्होंने 177 पारियों में 8,305 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं। 2020 के दशक में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने के मामले में विराट कोहली काफी पीछे हैं। वह छठे पायदान पर हैं। इसकी वजह ये है कि वह अब सिर्फ एक ही फॉर्मेट ओडीआई में खेलते हैं। वह टी20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं।

लिस्ट में तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के ही मोहम्मद रिजवान हैं। उन्होंने 2020 के दशक में अब तक 210 पारियों में 7,779 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं। चौथे नंबर पर श्रीलंका के कुसाल मेंडिस हैं। मेंडिस ने 2020 के दशक में अब तक 215 पारियों में 7,046 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं।

विराट कोहली लिस्ट में टॉप 5 में भी नहीं

श्रीलंका के ही पथुम निसंका पांचवें नंबर पर हैं। उन्होंने 2020 की शुरुआत से अब तक 198 पारियों में 6,873 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं। विराट कोहली ने इस दौरान 182 पारियों में 6,771 रन बनाए हैं। उनका औसत 42.31 का है और वह लिस्ट में छठे पायदान पर मौजूद हैं।

सिलहट टेस्ट में बांग्लादेश ने कसा शिकंजा

सिलहट टेस्ट की बात करें तो बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 278 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम अपनी पहली पारी में 232 रन पर सिमट गई। इस तरह बांग्लादेश को 46 रनों की महत्वपू्र्ण लीड मिल गई। सोमवार को तीसरे दिन बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में 53 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 202 रन बना लिए थे। पहली पारी में खाता खोलने में नाकाम रहे ओपनर महमुदुल हसन जॉय ने दूसरी पारी में 52 रन बनाए। पहले टेस्ट में जीत हासिल करने वाली बांग्लादेश टीम ने दूसरे टेस्ट में भी अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।