कोहली की वीडियो देखकर मैकस्वीनी ने निखारा ये हुनर, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बोला- भारत आना हो तो...
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर नाथन मैकस्वीनी ने विराट कोहली की बल्लेबाजी के वीडियो देखकर स्पिन खेलने के हुनर को निखारा है। उन्होंने भारत 'ए' के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया।

ऑस्ट्रेलिया 'ए' के बल्लेबाज नाथन मैकस्वीनी ने कहा कि विराट कोहली के वीडियो देखकर स्पिन गेंदबाजी खेलने के तरीके सीखने से उन्हें भारत 'ए' के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिली। मैकस्वीनी ने तीन मैचों में 194 रन बनाए और उन्हें सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने यूट्यूब पर कोहली के बल्लेबाजी करने के वीडियो देखकर यह जानने की कोशिश की कि वह स्पिन गेंदबाजों का सामना किस तरह करते हैं। भारत 'ए' ने रविवार को सीरीज का तीसरा मैच 49 रन से जीता लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दो मैच जीतकर पहले ही इसे अपने नाम कर लिया था।
'भारत आना हो तो यहां स्पिन पर...'
मैकस्वीनी ने तीसरे वनडे के बाद कहा, ''एक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के तौर पर भारत आना हो, तो यहां स्पिन गेंदबाजी पर विशेष ध्यान देना पड़ता है। ऐसे में आप कड़ी मेहनत करते हैं और भारतीय दिग्गज खिलाड़ियों को स्पिन के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए देखते हैं, ताकि उनसे सीख सकें।'' इस 27 साल के बल्लेबाज ने कहा, ''मैंने यूट्यूब पर विराट कोहली के वीडियो देखकर यह समझने की कोशिश की कि वह स्पिन का सामना कैसे करते हैं। इसके अलावा स्टीव स्मिथ और उन दूसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी देखा, जिन्होंने भारत आकर अच्छा प्रदर्शन किया है। विश्लेषकों से काफी जानकारी और आंकड़े भी मिले। खुशी है कि मैं इन जानकारियों को मैदान पर अपने खेल में उतारने और उन पर अमल करने में सफल रहा।''
'भारत में सीरीज जीतना आसान नहीं है'
मैकस्वीनी ने भारत में सीरीज जीतने को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यहां की परिस्थितियों में खुद को ढालने और क्रीज पर समय बिताने का मौका मिलना सुखद रहा। उन्होंने कहा, ''नई परिस्थितियों में आकर कुछ समय क्रीज पर बिताना हमेशा अच्छा होता है। किसी भी अंतरराष्ट्रीय टीम के लिए भारत में सीरीज जीतना आसान नहीं है। यहां आकर मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ क्रिकेट खेलना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। इसलिए हमारी टीम के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया और सीरीज जीतना सुखद अनुभव रहा।''
मैकस्वीनी आखिरी मैच में फिफ्टी से चूके
सूर्यांश शेडगे के अर्धशतक और तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह के तीन विकेट की मदद से भारत ए ने तीसरे और अंतिम वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को हराया। शेडगे 60 गेंद में 66 रन बनाकर भारत ए की ओर से शीर्ष स्कोरर रहे। उन्हें निचले क्रम में विपराज निगम (40) का अच्छा साथ मिला। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी कर भारत ए को छह विकेट पर 159 रन की मुश्किल स्थिति से उबारते हुए 275 रन तक पहुंचाया। भारतीय टीम 275 रन पर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए ने भी अच्छी शुरुआत की। जोश फिलिप (56) और लियाम स्कॉट (26) ने 15 ओवर में 82 रन जोड़े। इसके बाद लाचलान शॉ (31) और नाथन मैकस्वीनी (39) ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया ए की उम्मीदें कायम रखीं। गुरजपनीत ने मैकस्वीनी को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ दिया जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ए की पारी लड़खड़ा गई। मेहमान टीम ने महज 86 रन के भीतर अंतिम सात विकेट गंवा दिए और पूरी टीम 226 रन पर सिमट गई।


