साउथ अफ्रीका में ऑस्ट्रेलिया को लगे 2 बड़े झटके, इस दौरे पर आगे नहीं खेल पाएंगे ये खिलाड़ी
साउथ अफ्रीका के दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की टीम है। दोनों के बीच वनडे सीरीज खेली जा रही है, लेकिन आखिरी मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया को दो बड़े झटके लगे हैं। दो खिलाड़ी टीम से बाहर हो गए हैं।

साउथ अफ्रीका के दौरे पर वनडे सीरीज गंवा चुकी ऑस्ट्रेलिया की टीम को तीसरे वनडे मैच से पहले दो बड़े झटके लगे हैं। नैथन एलिस तीसरे और आखिरी वनडे मैच से बाहर हो गए हैं। वे साइड स्ट्रेन का शिकार हुए हैं, जबकि जोएल डेविस भी साउथ अफ्रीका के दौरे से बाहर हो गए हैं, क्योंकि उनको हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है। वे जोहानिसबर्ग में खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान सब्स्टीट्यूट के तौर पर उतरे थे और इसी दौरान उनको इंजरी हो गई। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दोनों ही खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का ऐलान अभी नहीं किया है।
नैथन एलिस की चोट एक बड़ा झटका ऑस्ट्रेलिया के लिए है, क्योंकि वह जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के दौरे पर ऑस्ट्रेलिया के सबसे अच्छे बॉलर थे। दूसरे ODI में चार ओवर बॉलिंग करने के बाद उन्हें लेफ्ट साइड में खिंचाव आ गया था और वह अपना स्पेल पूरा करने के लिए वापस नहीं आए थे। उनकी गैरमौजूदगी से ऑस्ट्रेलिया को बहुत नुकसान झेलना पड़ा, क्योंकि साउथ अफ्रीका ने 365 रन बनाए थे, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 333 रनों तक पहुंची थी और ऑस्ट्रेलिया ने मैच गंवाकर सीरीज भी 2-0 से गंवा दी थी।
रिहैब की प्रक्रिया से गुजरेंगे एलिस
एलिस अब आगे के असेसमेंट और रिहैब के लिए घर लौटेंगे। बोर्ड और सिलेक्टर्स के अलावा वह खुद इस बात की उम्मीद में होंगे कि वह घर पर 13 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए फिट हो जाएं। वह इस दौरे पर साइड स्ट्रेन का सामना करने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज हैं। एलिस से पहले बिली स्टैनलेक भी जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे।
नैथन एलिसन की चोट ने ऑस्ट्रेलिया की चिंता इसलिए भी बढ़ा दी है, क्योंकि आखिरी वनडे मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया के पास सिर्फ 4 फिट फास्ट बॉलर हैं। इनमें भी एक पैट कमिंस है, जो पहले दो मैचों में नहीं खेले थे। दूसरे मैच के लिए मिचेल स्टार्क को भी आराम दिया गया था। ऐसे में वे भी टेस्ट सीरीज से पहले वापसी करते दिखाई देंगे। जोश हेजलवुड पहले दो ODI मैच खेल चुके हैं। ऐसे में उन्हें टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए आराम दिया जा सकता है। चौथे पेसर जेवियर बार्टलेट हैं, जो प्लेइंग इलेवन में बने रहेंगे।
डेविस नहीं खेल पाए एक भी मैच
जोएल डेविस दूसरे स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर पर इस दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की टीम के साथ गए थे। हालांकि, एक भी मैच वे इस टूर पर नहीं खेले और उन्हें चोट की वजह से वापस लौटना पड़ रहा है। अब उन्हें न्यू साउथ वेल्स के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने से पहले रिहैब से गुजरना होगा। साउथ अफ्रीका में जारी ODI सीरीज के आखिरी मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में कोई नया खिलाड़ी नहीं जोड़ा गया है।



