Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Narendra Modi won hearts did not touch the ICC Women World Cup trophy Find out why
PM नरेंद्र मोदी ने जीता दिल, नहीं छुई वुमेंस वर्ल्ड कप ट्रॉफी! जानें क्या थी वजह

PM नरेंद्र मोदी ने जीता दिल, नहीं छुई वुमेंस वर्ल्ड कप ट्रॉफी! जानें क्या थी वजह

संक्षेप:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 5 नवंबर को हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 विजेता टीम इंडिया से अपने निवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के साथ फोटो क्लिक करवाई।

Nov 06, 2025 06:24 am ISTLokesh Khera लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 5 नवंबर को हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 विजेता टीम इंडिया से अपने निवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान नरेंद्र मोदी ने वर्ल्ड कप में लगातार तीन हार के कठिन दौर से गुजरने के बाद ‘दृढता और शानदार वापसी’ के लिये खिलाड़ियों की तारीफ भी की। प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार हार के बाद सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग के बारे में भी खिलाड़ियों से बात की और जबर्दस्त मानसिक दृढता का परिचय देकर शानदार वापसी करने और इतिहास रचने के लिये उनकी सराहना भी की। इस दौरान PM मोदी ने खिलाड़ियों और वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ कई तस्वीर भी खींचवाई। इनमें से एक फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।
ये भी पढ़ें:PM मोदी ने जय श्रीराम का जिक्र किया तो दीप्ति क्या बोलीं? इस खिलाड़ी का भाई फैन

यह फोटो है वर्ल्ड कप विजेता टीम, ट्रॉफी के साथ पीएम नरेंद्र मोदी की फोटो। इस तस्वीर में पीएम मोदी कप्तान हरमनप्रीत और उप-कप्तान स्मृति मंधाना के बीच ट्रॉफी के साथ नजर आ रहे हैं। मगर गौर करने वाली बात यह है कि पीएम मोदी ने वर्ल्ड कप ट्रॉफी को अपने हाथों से नहीं पकड़ा। उनकी इस बात ने ही हर किसी का दिल जीत लिया।

दरअसल, ऐसा कहा जाता है कि वर्ल्ड कप ट्रॉफी को हाथ लगाने का हक उन्हीं का होता है जिन्होंने मेहनत कर इसे कमाया हो। ऐसे में खिलाड़ियों की मेहनत को रिस्पेक्ट देते हुए पीएम मोदी ने ट्रॉफी को नहीं छुआ।

2024 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी पीएम मोदी ने किया था ऐसा

रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया जब 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर वेस्टइंडीज से भारत पहुंची थी तो उन्होंने भी पीएम मोदी से मुलाकात की थी, इस दौरान भी नरेंद्र मोदी ने ट्रॉफी को छुए बिना टीम के साथ फोटो क्लिक करवाई थी। मोदी ने इस दौरान कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा के हाथों को पकड़ा था।

बता दें, इस मुलाकात के दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 में ट्रॉफी के बिना प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि अब वे और सफलता अर्जित करके आगे भी मिलते रहना चाहेंगे। उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें प्रेरित किया है और उन सभी के लिये प्रेरणास्रोत रहे हैं।

ये भी पढ़ें:वर्ल्ड चैंपियन टीम से मिले PM मोदी, हरमन ने पूछा एक सवाल; दिया ये स्पेशल गिफ्ट

भारतीय क्रिकेट टीम प्रधानमंत्री से मिलने मंगलवार की शाम यहां पहुंची थी। भारत ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार आईसीसी खिताब जीता। बातचीत के दौरान ‘प्लेयर आफ द टूर्नामेंट’ दीप्ति शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि वह 2017 से उनसे मिलने का इंतजार कर रही थी।

प्रधानमंत्री ने उनके इंस्टाग्राम बायोडाटा पर ‘जय श्रीराम’ और उनके हाथ पर हनुमान जी के टैटू का जिक्र किया तो दीप्ति ने मुस्कुराकर कहा कि इससे उन्हें ताकत मिलती है।

हरमनप्रीत ने पूछा कि वह हर समय वर्तमान में कैसे रह पाते हैं , इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उनके जीवन का हिस्सा और आदत बन गई है।

उन्होंने टीम के सफर के यादगार पलों का भी जिक्र किया जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ 2021 में हरलीन देयोल का शानदार कैच शामिल है जो उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने मजाकिया लहजे में फाइनल में अमनजोत कौर के कैच का भी जिक्र किया जो दो बार संभलने के बाद तीसरी बार में उन्होंने लपका था। उन्होंने कहा कि कैच लपकने से पहले आपको गेंद दिख रही होगी लेकिन बाद में ट्रॉफी दिख गई होगी।

क्रांति गौड़ ने प्रधानमंत्री से कहा कि उनका भाई उनका बड़ा प्रशंसक है जिस पर प्रधानमंत्री ने उसे उनसे मिलने का खुला न्यौता दिया।

मोदी ने खिलाड़ियों से फिट इंडिया के संदेश का प्रचार करने का भी आग्रह किया, खासकर देश की लड़कियों में । उन्होंने मोटापे की बढती समस्या पर चिंता जताते हुए फिटनेस और व्यायाम के महत्व पर जोर दिया । उन्होंने खिलाड़ियों से अपने स्कूलों में जाकर युवाओं को खेलने के लिये प्रेरित करने को कहा।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera
लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें 9 साल का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि के अनुरूप 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू करने वाले लोकेश क्रिकेट टुडे से लेकर इंडिया टीवी जैसे संस्थान में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान उन्होंने ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, आईपीएल जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह 2022 से हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |