
इस विशाल स्टेडियम में खेला जा सकता है T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल, ये शहर भी हो सकते हैं मेजबान
T20 World Cup 2026 का फाइनल मुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा सकता है, जो भारत के अहमदाबाद में स्थित है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला खेला गया था।
दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जा सकता है। ये स्टेडियम भारत के अहमदाबाद में स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम है। इसी स्टेडियम में आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला खेला गया था। भारत और श्रीलंका को फरवरी-मार्च में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी करनी है। अहमदाबाद को फाइनल कर लिया गया है, जबकि 4 और शहर हैं, जिनमें टी20 विश्व कप के मैच हो सकते हैं। उनके बारे में भी जान लीजिए।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट की मानें तो बीसीसीआई अहमदाबाद के अलावा टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में आयोजित करने पर विचार कर रही है। इन मैदानों को लगभग फाइनल कर लिया गया है, जो मेगा इवेंट की मेजबानी करेंगे। इसके अलावा श्रीलंका में कोलंबो को टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी मिलने वाली है। श्रीलंका में किसी और स्टेडियम को भी टी20 विश्व कप के मैचों की मेजबानी मिल सकती है, क्योंकि पाकिस्तान को अपने सभी मैच वहीं खेलने हैं।
एक बात तो तय है कि एक सेमीफाइनल मैच तो भारत में खेला जाएगा, लेकिन दूसरे सेमीफाइनल पर ये अड़ंगा रहेगा कि इसकी मेजबानी श्रीलंका करेगा या फिर भारत, क्योंकि पाकिस्तान की टीम भारत आने वाली नहीं है। अगर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है तो निश्चित तौर पर उनका सेमीफाइनल श्रीलंका में ही खेला जाएगा।
यही वजह होगी कि आईसीसी वर्ल्ड कप फाइनल के वेन्यू को भी बाद में घोषित करेगी या करेगी तो आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप की तरह करेगी कि अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंचा तो श्रीलंका को फाइनल की मेजबानी मिलेगी और फाइनल में पाकिस्तान नहीं पहुंचा तो अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम खिताबी मैच की मेजबानी करेगा। श्रीलंका इस टूर्नामेंट का सह-मेजबान है। श्रीलंका भी मांग करेगा कि उसके यहां भी बड़े मैच खेले जाएं।






