नाहिद राणा के 'पंजे' से पाकिस्तान की हुई बेइज्जती, ऐसा करने वाले दूसरे बांग्लादेशी गेंदबाज
Nahid Rana BAN vs PAK: नाहिद राणा ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में 'पंजा' मारा। तेज गेंदबाज राणा ने पाकिस्तान को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई। बांग्लादेश ने 8 विकेट से जीत दर्ज की।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान को फजीहत झेलनी पड़ी है। बांग्लादेश ने बुधवार को पाकिस्तान के खिलाफ 8 विकेट से धमाकेदार जीत हासिल की।युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा के 'पंजे' से पाकिस्तान की पहले वनडे में बेइज्जती हुई। पाकिस्तान टीम ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में 30.4 ओवर में महज 114 रनों पर सिमट गई। जवाब में बांग्लादेश ने 15.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर टारगेट चेज कर लिया। तंजीद हसन तमीम (नाबाद 67) ने अर्धशतक लगाया। प्लेयर ऑफ द मैच नाहिद ने सात ओवर के स्पेल में कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर पांच विकेट चटकाए। उन्होंने पाकिस्तान का शीर्षक्रम झकझोरकर रख दिया। 23 वर्षीय गेंदबाज ने सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान (27), माज सदाकत (18), शमील हुसैन (4), विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान (10) और सलमान अली आगा (5) को अपना शिकार बनाया।
PAK ने 41 रन जोड़कर गंवाए 8 विकेट
मेजबान बांग्लादेश ने पहले वनडे में टॉस जीतकर पाकिस्तान को बैटिंग का न्योता दिया। पाकिस्तान ने सधी हुई शुरुआत की। फरहान और सदाकत ने पहले विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी की। नाहिद ने दसवें ओवर में फहरान को अफिफ हुसैन के हाथों लपकवाया। शमील 12वें जबकि सदाकत 14वें ओवर में आउट हुए। सिराज ने 16वें ओवर में आगा ने 18वें ओवर में विकेट खोया। पाकिस्तान की आधी टीम 69 पर पवेलियन लौट चुकी थी। पाकिस्तान की खस्ता हालत का अंदाजा उससे लगाया जा सकता है कि उसने आठ विकेट केवल 41 रन जोड़कर गंवा दिए। कप्तान शाहिद अफरीदी (4) समेत छह खिलाड़ी दहाई अंक में नहीं पहुचे।
फहीम अशरफ ने पहुंचाया 100 के पार
24वें ओवर में पाकिस्तान का स्कोर जब 89/9 था तो फहीम अशरफ ने कुछ देर बल्ले से संघर्ष किया। उन्होंने अबरार अहमद के साथ दसवें विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी की। अशरफ ने 47 गेंदों में 6 चौकों और साथ छक्कों की मदद से 37 रनों की खेली। वह पाकिस्तान की ओर से से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्हें मुस्तफिजुर रहमान ने अपने जाल में फंसाया। अबरार ने 10 गेंद खेलीं मगर कोई रन नहीं बना सके। वह नाबाद वापस आए। मुस्तफिजुर और तस्कीन अहमद ने एक-एक कप्तान मेहदी हसन मिराज ने तीन विकेट हासिल किए।
ऐसा करने वाले बने दूसरे बांग्लादेशी गेंदबाज
नाहिद राणा पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट हॉल लेने वाले दूसरे बांग्लादेशी गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कमाल मुस्तफिजुर ने किया। मुस्तफिजुर ने 2029 वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के विरुद्ध 75 रन खर्च करने के बाद पांच विकेट झटके थे। यह मैच लॉर्ड्स के मैदान पर हुआ था। हालांकि, बांग्लादेश को मैच में 94 रनों से हार मिली थी। पाकिस्तान ने 315/9 का स्कोर खड़ा करने के बाद बांग्लादेश को 221 पर समेट दिया था।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



