वैभव सूर्यवंशी का क्रेज भारत में बढ़ा, क्रिस श्रीकांत ने कहा- मेरी पत्नी भी उसके लिए दलीप ट्रॉफी देखती हैं
भारत के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए उनकी पत्नी दलीप ट्रॉफी मैच देखती हैं। वैभव की उन्होंने जमकर तारीफ की है।

अंडर-19 और आईपीएल में धमाल मचा चुके वैभव सूर्यवंशी धीरे-धीरे भारतीय टीम में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। खेल के सबसे छोटे प्रारूप में उन्होंने डेब्यू भी कर लिया है और अब वनडे और टेस्ट टीम में शामिल होने के लिए जमकर तैयारी कर रहे हैं। आईपीएल 2026 के दौरान उनकी फैन फॉलोइंग में काफी बढ़ोत्तरी देखने को मिली। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी को खेलते हुए देखने के लिए ही ज्यादातर लोग टीवी देखते थे और उनके आउट होते ही स्टेडियम में भी सन्नाटा फैल जाता था। वैभव ने छोटी ही उम्र में कई बड़े कारनामे कर दिए हैं और पूर्व क्रिकेटर्स की माने तो युवा बल्लेबाज का भविष्य उज्जवल है। भारत के पूर्व कप्तान क्रिस श्रीकांत ने कहा है कि वैभव को देखने के लिए उनकी पत्नी भी टीवी देखती हैं।
मेरी पत्नी भी दलीप ट्रॉफी के मैच देख रही थीं
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस समय दलीप ट्रॉफी का हिस्सा हैं, जहां वह ईस्ट जोन के लिए खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट में वह टीम के उपकप्तान बनाए गए हैं और एक मैच के दौरान उन्होंने टीम की कप्तानी भी की थी। पूर्व कप्तान और मुख्य चयनकर्ता रहे कृष्णमाचारी श्रीकांत ने अपने यूट्यब चैनल पर बताया कि उनकी पत्नी भी ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेले गए दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए साथ में टीवी देख रही थी। उन्होंने कहा, ''अब, हम सब दलीप ट्रॉफी देखने के लिए साथ में बैठते हैं, सही है? ये उसकी क्षमता है। ज्यादातर लोग टीवी तब खोलते हैं जब वह (वैभव सूर्यवंशी) बल्लेबाजी कर रहा था। मेरी पत्नी भी दलीप ट्रॉफी के मैच देख रही थीं।''
ईस्ट जोन के लिए खेल रहे वैभव
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी इस समय दलीप ट्रॉफी में धमाल मचा रहे हैं। उन्होंने सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में 81 गेंदों में 92 रन बनाए। उन्होंने सात छक्के और इतने ही चौके लगाए। वह शतक से भले ही चूक गए लेकिन उनकी टीम मैच जीतने में सफल रही। उन्होंने दूसरी पारी में 42 रन बनाए। ईस्ट जोन की टीम ने 159 रनों का लक्ष्य का पीछा किया और 14 साल में पहली बार फाइनल में जगह बनाई।
पूर्व कप्तान ने आगे कहा, ''उसे एक शतक और गंवा दिया लेकिन देखिए जिस तरह से वो शॉट मार रहा था। उसको सेमीफाइनल में देखना शानदार था। इतना अच्छा खेलने के बाद भी लोग ये क्यों सोचते हैं कि वो बड़े स्तर पर नहीं टिक पाएगा? वो तो अभी भी बहुत बढ़िया प्रदर्शन कर रहा है।''



