वैभव सूर्यवंशी को ड्रॉप किया गया तो मेरी वाइफ ने चिल्लाना शुरू कर दिया था…किसने दिया ये बयान?
वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्रिस श्रीकांत ने कहा है कि जब उनको दिल्ली टी20 मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ ड्रॉप किया गया तो उनकी वाइफ चिल्ला रही थी। वैभव की जगह संजू सैमसन को प्लेइंग 11 में जगह दी गई थी।

टीम इंडिया के पूर्व चीफ सिलेक्टर कृष्णामाचारी श्रीकांत ने कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर पर निशाना साधा है, क्योंकि रविवार को अफगानिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी की जगह संजू सैमसन को मौका दिया था। वैभव अपनी पिछली सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे। टीम मैनेजमेंट का फैसला पहले टी20 में सही साबित भी नहीं हुआ, क्योंकि सैमसन 10 रन ही बना सके। श्रीकांत ने न केवल सूर्यवंशी के साथ मैनेजमेंट के बर्ताव पर सवाल उठाया, बल्कि सैमसन के साथ जिस तरह से बर्ताव किया गया, उसके लिए भी सहानुभूति जताई। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी वाइफ भी वैभव को ड्रॉप किे जाने पर हैरान थी।
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "कल, क्योंकि सूर्यवंशी नहीं खेला, तो हम एक मूवी देखने लगे। मेरी पत्नी चिल्ला रही थी कि सूर्यवंशी नहीं खेला और बहस करने लगी कि जो पिछले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच था, वह नहीं खेल रहा है। मेरी पत्नी भी उसके बाहर होने पर सवाल उठा रही है। आप सूर्यवंशी के साथ ठीक से पेश नहीं आ रहे हैं। अब, अगर वह अगला मैच खेलता है, तो वह सोचेगा कि अगर उसने स्कोर नहीं किया तो उसे ड्रॉप कर दिया जाएगा।"
वैभव को प्रमोट करना चाहिए- श्रीकांत
क्रिकेटर और सिलेक्टर रहे श्रीकांत ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर आगे भी अपनी बात जारी रखी और कहा, "आप गलत सिग्नल भेज रहे हैं और आप सभी खिलाड़ियों के मन में शक पैदा कर रहे हैं। सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी, T20Is, इंडिया-A और IPL के लिए हर लेवल पर रन बनाए हैं। आपको उसे प्रमोट करना चाहिए।" श्रीकांत ने आगे टीम मैनेजमेंट की इस बात के लिए भी आलोचना की, क्योंकि उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के साथ अच्छे से बर्ताव नहीं किया था और उन्हें 3 मैचों के बाद बाहर कर दिया था।
श्रीकांत ने बताया, "यह टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन के साथ खेल रहा है। मुझे सैमसन पर दया आती है। या तो आप उसे ज्यादा मौके दें और फिर उसे ड्रॉप कर दें या वैभव सूर्यवंशी को बिना ड्रॉप किए कई मैच दें। इंडिया जो गलती कर रहा है, वह यह है कि दोनों को इधर-उधर दो-दो मैच मिल रहे हैं। यह खिलाड़ी के लिए अच्छा नहीं है।" सैमसन पहले मैच में फेल हो गए थे। ऐसे में सवाल यह है कि क्या सैमसन के दूसरे मैच में भी मौका मिलेगा या फिर वैभव सूर्यवंशी की वापसी होगी।



