
IPL से बाहर होने पर मुस्तफिजुर रहमान ने तोड़ी चुप्पी, KKR से रिलीज होने पर छलका दर्द
बीसीसीआई ने सुरक्षा चिंताओं और देश में मौजूदा जनभावनाओं का हवाला देते हुए केकेआर को तुरंत मुस्तफिजुर का कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने का निर्देश दिया। रहमान आईपीएल से बाहर होने पर मायूस हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने शनिवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड के निर्देश पर इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सत्र से पहले बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया। बीसीसीआई ने भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों में बढ़ते तनाव के मद्देनजर यह कदम उठाया। बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा रिलीज किए जाने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। रहमान आईपीएल का हिस्सा नहीं होने से निराश हैं।
इंडिया टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश में स्थानीय मीडिया बीडीक्रिकटाइम से बात करते हुए इस गेंदबाज ने अपनी मायूसी जाहिर की। उन्होंने कहा, "अगर आपको टीम से बाहर कर दिया जाए, तो आप और क्या कर सकते हैं? पिछले महीने खिलाड़ियों की नीलामी में केकेआर ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका आधार मूल्य दो करोड रुपए था। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ कड़ी बोली प्रक्रिया के बाद केकेआर इस 30 वर्षीय गेंदबाज को अपनी टीम से जोड़ने में सफल रहा था।
बीसीसीआई ने कहा कि 26 मार्च से शुरू होने वाली लीग में जरूरत पड़ने पर केकेआर को उनके स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी का चयन करने की अनुमति होगी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई को बताया, ‘‘बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स से मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने को कहा है। जरूरत पड़ने पर वह उनके स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी के चयन के लिए कह सकते हैं। अगर वह अनुरोध करते हैं तो बीसीसीआई उन्हें किसी अन्य खिलाड़ी को अपनी टीम से जोड़ने की अनुमति देगा।’’
सैकिया से जब पूछा गया कि बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को ऐसा करने के लिए क्यों कहा है, तो उन्होंने कहा, ‘‘हाल ही में हुई घटनाओं के कारण।’’ केकेआर ने बाद में कहा कि उसने बीसीसीआई के निर्देश पर कार्रवाई की है। फ्रेंचाइजी ने एक बयान में कहा, ‘‘कोलकाता नाइट राइडर्स पुष्टि करता है कि आईपीएल के नियामक बीसीसीआई-आईपीएल ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र से पहले मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है।’’ केकेआर ने कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट बोर्ड के निर्देश पर उचित प्रक्रिया और परामर्श के बाद (खिलाड़ी को) रिलीज कर दिया गया है।’’
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने सिलहट में आज रात इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए बोर्ड की एक आपातकालीन बैठक बुलाई है। बुलबुल ने कहा, ‘‘ हमने इस मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए रात 9:30 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10 बजे) एक आपातकालीन बैठक बुलाई है। इससे हमें स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिलेगी और हम एक मीडिया विज्ञप्ति जारी कर सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास पूरी जानकारी नहीं है। इसलिए हमने आपातकालीन बैठक बुलाई है।’’
बांग्लादेश में हाल ही में एक हिंदू व्यक्ति की हत्या और वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भारत की चिंता के मद्देनजर बांग्लादेशी क्रिकेटर की भागीदारी को लेकर बीसीसीआई पर दबाव बढ़ता जा रहा था।






