रणजी मैच के दौरान मुंबई के खिलाड़ियों ने पहना फेस मास्क, सरफराज-हिमांशु को सांस लेने में हुई मुश्किल
मुंबई और दिल्ली के बीच रणजी ट्रॉफी 2025-26 के ग्रुप डी मैच के दौरान मुंबई के खिलाड़ियों ने प्रदूषण और धूल के कारण फेस मास्क पहनकर फील्डिंग की। सरफराज खान, उनके छोटे भाई मुशीर खान और स्पिनर हिमांशु सिंह ने मास्क पहने।
दिल्ली के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मैच के पहले दिन गुरुवार को मुंबई के खिलाड़ियों को निर्माण कार्य से होने वाले प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क पहनना पड़ा। भारतीय और मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान, उनके छोटे भाई मुशीर खान और स्पिनर हिमांशु सिंह को एमसीए-बीकेसी मैदान पर तीसरे सत्र के दौरान मास्क पहने देखा गया।
गुरुवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लगभग 160 था। शहर में प्रदूषण के उच्च स्तर के बावजूद खिलाड़ियों द्वारा खेलते समय मास्क पहनना आम बात नहीं है। एमसीए-बीकेसी मैदान के ठीक बगल में स्थित निर्माण स्थल ने दोपहर बाद की स्थिति को और भी खराब कर दिया।
इस दौरान लगभग आधे घंटे तक मुंबई के तीनों खिलाड़ियों ने क्षेत्ररक्षण करते समय मास्क पहने लेकिन बाद में उन्हें उतार दिया। खिलाड़ियों द्वारा मास्क पहनने के बारे में पूछे जाने पर मुंबई के तेज गेंदबाज मोहित अवस्थी ने कहा, ‘‘ यहां नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। खिलाड़ियों को प्रदूषण महसूस हुआ और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, इसलिए उन्होंने मास्क पहन लिए।’’
सनत सांगवान के शानदार शतक के बावजूद दिल्ली की टीम मुंबई के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी मुकाबले के पहले दिन अपनी पहली पारी में 221 रन पर सिमट गई। मुंबई के लिए मोहित अवस्थी ने 62 रन पर पांच विकेट चटकाकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। मुंबई ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 13 रन बना लिये थे। सांगवान ने 118 रन की पारी के साथ एक छोर संभाले रखा लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज का अच्छा साथ नहीं मिला। उन्होंने मौजूदा सत्र अपनी तीसरी शतकीय पारी के दौरान 218 गेंद में 11 चौके और दो छक्के जड़े।
इस 25 साल के बल्लेबाज ने वैभव कांडपाल (32) के साथ दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की जिससे दिन की शुरुआत में दिल्ली की टीम मजबूत स्थिति में थी। पहले सत्र में दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 111 रन था। अवस्थी ने हालांकि लंच के बाद छह ओवर के स्पैल में तीन विकेट लेकर दिल्ली के मध्यक्रम को झकझोर दिया। अवस्थी ने दिल्ली की कप्तानी कर रहे आयुष डोसेजा (शून्य) और सुमित माथुर (दो) को विकेट के पीछे कैच कराकर आउट किया। उन्होंने पदार्पण कर रहे आर्यन राणा को पहली स्लिप में सरफराज खान के हाथों कैच कराया।
अवस्थी ने दो और विकेट लेकर अपना पांच विकेट पूरे करने के साथ दिल्ली की पारी समेट दी। उन्हें अनुभवी शम्स मुलानी (45 रन पर दो विकेट) और तुषार देशपांडे (36 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला जिससे दिल्ली ने आखिर नौ विकेट 110 रन पर गंवा दिये।

लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी





