मुकुल चौधरी ने मचाया कोहराम, IPL इतिहास में ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय; पोलार्ड-डिविलियर्स लिस्ट में
मुकुल चौधरी ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को हैरतअंगेज जीत दिलाकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने केकेआर के खिलाफ 182 के टारगेट का पीछा करते हुए 7 छक्कों की मदद से 54 रनों की नाबाद पारी खेली।

मुकुल चौधरी…कल तक जो नाम किसी को पता नहीं था, आज हर कोई उसके बारे में जानना चाहता है। 21 साल के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल में वो कारनामा कर दिखाया है जो विराट कोहली, रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसे बड़े-बड़े दिग्गज नहीं कर पाए। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 182 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए एक समय पर जब लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 128 के स्कोर पर 7 विकेट गंवा दिए थे, तब हर किसी ने एलएसजी की जीत की उम्मीद छोड़ दी थी। मगर 7वें नंबर पर आए मुकुल चौधरी ने एक ऐसी पारी खेल डाली, जिसने ना सिर्फ लखनऊ सुपर जाएंट्स को हारी हुई बाजी जिताई बल्कि इतिहास भी रचा।
मुकुल चौधरी ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 27 गेंदों पर 2 चौकों और 7 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 54 रनों की नाबाद पारी खेली। इन 54 रनों में से 53 रन उन्होंने पारी के आखिरी 5 ओवर में बनाए।
आईपीएल के इतिहास में मुकुल चौधरी सफल चेज के आखिरी 5 ओवर में 50 से अधिक रन बनाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। जी हां, आईपीएल के 18 सालों के इतिहास में आज तक कोई भारतीय ऐसा नहीं कर पाया है। इस लिस्ट में दो विदेशी खिलाड़ी -कीरोन पोलार्ड और एबी डी विलियर्स- जरूर शामिल हैं।
कीरोन पोलार्ड ने सबसे पहले ये कारनामा सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2013 में किया था, वहीं अगले ही साल 2014 में एबी डी विलियर्स ने इसी टीम के खिलाफ आखिरी 5 ओवर में सफल रनचेज के दौरान अर्धशतक जड़ा था।
एक सफल चेज के आखिरी 5 ओवर में सबसे ज़्यादा रन
59 (21) - कीरोन पोलार्ड बनाम SRH (2013)
56 (22) - एबी डेविलियर्स बनाम SRH (2014)
53 (25) - मुकुल चौधरी बनाम KKR (2026)*
सिर्फ इन 3 बैटर्स ने 50 से ज्यादा रन बनाए हैं!
कैसा रहा KKR vs LSG मैच?
मुकुल चौधरी की बेखौफ नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से हराया। एलएसजी ने 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर 128 रन पर मोहम्मद शमी के रूप में अपना सातवां विकेट गंवा दिया था। टीम को आखिरी चार ओवर में 54 रन चाहिए थे, और चौधरी ने आवेश खान (नाबाद एक) के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। एलएसजी के लिए आयुष बडोनी ने भी 54 रन की शानदार पारी खेली। चौधरी ने अपनी पारी की शुरुआती आठ गेंदों में केवल दो रन बनाए, लेकिन बाद में सात छक्के लगाकर नाबाद 54 रन बनाए। इनमें से वैभव अरोड़ा की गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी के अंदाज में खेला गया हेलीकॉप्टर शॉट दर्शनीय था।
कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 181 रन बनाए। कैमरून ग्रीन ने मौजूदा सत्र में पहली बार गेंदबाजी करते हुए अपनी दूसरी गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत को आउट किया और टीम को शुरुआती सफलता दिलाई। हालांकि, पारी के 19वें ओवर में वह रन रोकने में नाकाम रहे। आखिरी दो ओवर में केकेआर को 30 रन की जरूरत थी, लेकिन ग्रीन ने 16 रन लुटा दिए।
एलएसजी को अंतिम ओवर में 14 रन चाहिए थे, और वैभव अरोड़ा दबाव में चूक गए। आईपीएल के अपने पहले सत्र में तीसरा मैच खेल रहे चौधरी ने ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का मारकर स्कोर बराबर किया और फिर आखिरी गेंद पर चूकने के बाद एक रन लेकर टीम को यादगार जीत दिलाई। इससे पहले बडोनी ने 34 गेंदों में सात चौके और दो छक्के लगाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उनके बाद चौधरी की तेजी ने मैच का पासा पलट दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी ने सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (15) और एडेन मारक्रम (22) के बाद कप्तान ऋषभ पंत (10) और निकोलस पूरन (13) का विकेट सस्ते में गंवा दिया लेकिन चौधरी और बडोनी ने बेखौफ बल्लेबाजी से केकेआर की जीत के इंतजार को और बड़ा दिया। केकेआर के लिए वैभव और अनुकूल रॉय ने दो-दो विकेट लिये। कोलकाता के लिए यह चौथी हार थी, जबकि लखनऊ ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


