वेस्टइंडीज की टीम हारी जरूर, मगर बना दिया रन चेज में एक स्पेशल रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज की टीम तीसरे टी20 मैच में टीम इंडिया के खिलाफ हार जरूर गई, मगर रन चेज में एक स्पेशल रिकॉर्ड भी कैरेबियाई टीम ने बना दिया। बिना किसी बल्लेबाज के अर्धशतक लगाए टीम 200 के पार पहुंचने में सफल हो गई।

वेस्टइंडीज की टीम ने दूसरे टी20 मैच में 250 रन चेज कर लिए थे। ऐसे में जब तीसरे टी20 मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन बनाए तो सभी को लग रहा था कि कैरेबियाई टीम इस मैच को जीत लेगी, क्योंकि इंदौर का ग्राउंड काफी छोटा है। एक तरफ की बाउंड्री तो करीब 55 मीटर थी। हालांकि, भारतीय गेंदबाजी के आगे वेस्टइंडीज के बल्लेबाज आखिर में फीके नजर आए और भारत ने 14 रन से जीत दर्ज कर ली। भले ही वेस्टइंडीज को इस मैच में हार मिली, लेकिन फिर भी एक स्पेशल रिकॉर्ड कैरेबियाई टीम ने बना दिया।
दरअसल, वेस्टइंडीज की टीम पहली ऐसी टीम है, जिसने रन चेज में बिना अर्धशतक लगाए दूसरी बार 200 से ज्यादा रन बनाए हैं। कोई और टीम एक से ज्यादा बार ये करिश्मा नहीं कर पाई है। कैरेबियाई टीम की ओर से इस मैच में दो बल्लेबाजों ने 40 से ज्यादा रन बनाए और 2 बल्लेबाज 30 से ज्यादा की पारी खेलकर आउट हुए, लेकिन कोई बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंचा। बावजूद इसके वेस्टइंडीज ने 209 रन बना लिए। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रन चेज में यह पहली बार था, जब किसी टीम ने दो बार ये कारनामा दोहराया।
इतना ही नहीं, रन चेज में यह सबसे बड़ा टोटल भी बिना किसी बल्लेबाज के अर्धशतक लगाए है। 209 रन इस मैच में वेस्टइंडीज ने बनाए, जबकि इससे पहले भारत ने 208 रन 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैच में बनाए थे। वहीं, अगर बात वेस्टइंडीज की करें तो इससे पहले कैरेबियाई टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2025 में 204 रन बनाए थे। भारत, स्लोवेनिया, बेल्जियम और इंग्लैंड ने एक-एक बार ये कारनामा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किया है। इस तरह स्पेशल रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम दर्ज हो गया है।
T20I में 50 से ज्यादा स्कोर के बिना 200 से ज्यादा का टीम टोटल
209/7 - वेस्टइंडीज बनाम भारत, इंदौर, 2026
208/6 - भारत बनाम न्यूज़ीलैंड, हैमिल्टन, 2019
204/8 - वेस्ट इंडीज़ बनाम न्यूज़ीलैंड, ऑकलैंड, 2025
202/8 - स्लोवेनिया बनाम सर्बिया, बेलग्रेड, 2025
200/6 - बेल्जियम बनाम ग्वेर्नसे, वाटरलू, 2024
200/6 - इंग्लैंड बनाम भारत, डरबन, 2007
इस सीरीज की बात करें तो टीम इंडिया इस मैच को जीतकर 2-1 से आगे निकल गई है। सीरीज में अभी भी दो मैच बाकी हैं। इसमें से एक भी मैच भारत ने जीता तो भारत के नाम सीरीज दर्ज हो जाएगी, जबकि वेस्टइंडीज को सीरीज जीतने के लिए बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे।



