एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय, रोहित को पछाड़कर सैमसन बने नंबर-1
संजू सैमसन इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक से चूक गए। उन्होंने अपनी पारी में सात छक्के ठोके। सैमसन ने दिग्गज रोहित शर्मा का एक जबर्दस्त रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है।

विकेटकीपर संजू सैमसन ने गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम इंग्लैंड सेमीफाइनल में तूफानी पारी खेली। वह सिर्फ 11 रनों से शतक से चूके। सैमसन ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 42 गेंदों में 89 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 7 छक्के निकले। उन्होंने दिग्गज रोहित शर्मा का एक जबर्दस्त रिकॉर्ड ध्वस्त कर डाला है। सैमसन एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में नंबर-1 बन गए हैं। वह मौजूदा टूर्नामेंट में चार मैचों में 16 सिक्स ठोक चुके हैं। वहीं, रोहित ने 2024 में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में 8 मुकाबलों में 16 छक्के जमाए थे। उन्होंने टूर्नामेंट जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल को अलिवदा कह दिया था। वह टेस्ट से भी संन्यास ले चुके हैं।
सैमसन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में फिलहाल चौथे स्थान पर हैं। शीर्ष पर न्यूजीलैंड के ओपनर फिन एलन हैं। उन्होंने 8 मुकाबलों में 20 सिक्स उड़ाए हैं। एलन ने बुधवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों में ऐतिहासिक जड़ा था, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के रहे। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक था। न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदने के बाद फाइनल में एंट्री की। एलन के बाद सबसे ज्यादा सिक्स वेस्टइंडीज के शिमरोन हेटमायर के बल्ले से निकले। उन्होंने सात मैचों में 19 छक्के उड़ाए। पाकिस्तान के साहिबाजा फरहान (7 मैचों में 18 सिक्स) तीसरे नंबर पर हैं। पाकिस्तान और वेस्टइंडीज सुपर-8 से बाहर हुए।
एक T20 WC में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय
16 - संजू सैमसन (2026)
15 - रोहित शर्मा (2024)
15 - शिवम दुबे (2026)
14 - ईशान किशन (2026)
14 - हार्दिक पांड्या (2026)
12 - युवराज सिंह (2007)
11 - तिलक वर्मा (2026)
मैच की बात करें तो सैमसन की तूफानी पारी से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 253/7 का स्कोर बनाया। यह टूर्नामेंट के इतिहास में नॉकआउट मुकाबलों का सर्वोच्च स्कोर है। सैमसन ने 15 रन के स्कोर पर मिले जीवनदान का भरपूर फायदा उठाया। उन्होंने ईशान किशन (18 गेंदों में 39) के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 और शिवम दुबे (25 गेंदों में 43) के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की। हार्दिक पंड्या (12 गेंद में 27 रन, तीन चौके, दो छक्के) और तिलक वर्मा (सात गेंद में 21 रन, तीन छक्के) ने अंत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाया। भारत की पारी में 19 छक्के लगे जो टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



