
20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के ठोकने वाले भारतीय, सूर्यकुमार यादव ने एमएस धोनी को पछाड़ा
T20I में 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के ठोकने वाले भारतीयों की लिस्ट में सूर्यकुमार यादव ने एमएस धोनी को पछाड़ दिया है। सूर्या ने भारत बनाम अमेरिका मैच में कप्तानी पारी खेली।
सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम अमेरिका मैच में कप्तानी पारी खेली। उन्होंने संकट के समय 49 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके और चार छक्के निकले। सूर्या उस वक्त क्रीज पर टिके, जब भारतीय टीम 46 रन पर चार विकेट गंवाकर जूझ रही थी। उनकी पारी की बदौलत भारत ने 161/9 का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। भारत ने नेत्रवलकर द्वारा डाले गए अंतिम ओवर में 21 रन बटोरे, जिसमें सूर्या ने तूफानी तेवर दिखाए। उन्होंने नेत्रवलकर के ओवर की पहली गेंद पर चौका, दूसरी और तीसरी गेंद पर छक्का जबकि चौथी गेंद पर चौका जमाया।
सूर्यकुमार ने धोनी को पछाड़ा
सूर्यकुमार टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के ठोकने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अब तक अंतिम ओवर में 34 गेंद खेलने के बाद 13 सिक्स उड़ाए हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को पछाड़ दिया है, जो संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर खिसक गए। धोनी ने T20I में 20वें ओवर में 132 गेंदों का सामने करते हुए 12 सिक्स जड़े। रिंकू सिंह ने 41 गेंदों में 12 छक्के जमाए हैं। लिस्ट में टॉप पर स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या हैं। उन्होंने अभी तक 20वें ओवर की 101 गेंद खेली हैं, जिसमें 16 छक्के मारे।
T20I में 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के ठोकने वाले भारतीय (गेंद)
16 - हार्दिक पांड्या (101)
13 - सूर्यकुमार यादव (34)
12 - एमएस धोनी (132)
12 - रिंकू सिंह (41)
9 - दिनेश कार्तिक (49)
8 - विराट कोहली (58)
7 - अक्षर पटेल (71)
6 - रोहित शर्मा (31)
बता दें कि अमेरिका के खिलाफ सूर्यकुमार के अलावा केवल तीन बल्लेबाज ही दहाई अंक तक पहुंच सके, जिसमें तिलक वर्मा ने 25 रन और ईशान किशन ने 20 रन का योगदान दिया। एक समय टीम बहुत कम स्कोर पर सिमटने की ओर बढ़ती दिख रही थी। 13वें ओवर में भारत का स्कोर छह विकेट पर 77 रन हो गया था लेकिन सूर्यकुमार ने अकेले दम पर पारी को संभाला। सूर्या टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान के तौर पर डेब्यू इनिंग में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। सूर्या ने बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2021 टी20 वर्ल्ड कप में नाबाद 68 रनों की पारी खेली।
T20 WC में बतौर कप्तान डेब्यू इनिंग में सबसे बड़ा स्कोर
88 क्रिस गेल बनाम ऑस्ट्रेलिया, द ओवल 2009
84* सूर्यकुमार यादव बनाम अमेरिका, वानखेड़े 2026
68* बाबर आजम बनाम भारत, दुबई 2021
65 महेला जयवर्धने बनाम केन जोबर्ग 2007

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





