WT20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन और विकेट, टॉप 5 लिस्ट में दो भारतीयों का जलवा
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर भारतीय हैं। भारत ने टूर्नामेंट में तीन मैचों से दो जीते हैं।

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक 18 मैच खेले जा चुके हैं। टूर्नामेंट का 18वां मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के बीच मैनचेस्टर में खेला गया। रविवार को यह मैच आखिरी ओवर तक गया और हरमनप्रीत ब्रिगेड को 6 विकेट से हार मिली। भारत ने 158/7 का स्कोर खड़ा किया था और साउथ अफ्रीका ने पांच गेंद बाकी रहते टारगेट चेज कर लिया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीन मैचों से दो जीते हैं। सोमवार को टूर्नामेंट में कोई मैच नहीं है। ऐसे में आपको टूर्नामेंट में अभी तक सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली टॉप 5 खिलाड़ियों के बारे में हैं। दोनों लिस्ट में शीर्ष पर भारतीय खिलाड़ी का जलवा है।
भारत की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने जारी टूर्नामेंट में तीन मुकाबलों में 53.00 के औसत से 159 रन बटोरे हैं। उनके बल्ले से दो अर्धशतकीय पारियां निकली हैं। वह साउथ अफ्रीका के सामने 12 गेंदों में 17 रन बनाकर लौटी थीं। नीदरलैंड की बैबेट डी लीडे ने तीन मैचों में 67.00 के औसत से 134 रन जुटाए हैं। उन्होंने भी दो अर्धशत जमाए। वेस्टइंडीज की शेमाइन कैम्पबेले ने 130 रन जोड़े हैं, जिसमें 65.00 का औसत रहा। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 90 रनों की पारी खेली थी। इंग्लैंड की डैनी वायट हॉज एक शतक की बदौलत 128 रन बना चुकी हैं।
वहीं, महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक में सबसे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा श्री चरणी ने किया है। भारत की 21 वर्षीय स्पिनर चरणी ने तीन मैचों में 10 शिकार किए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के विरुद्ध तीन, नीदरलैंड के सामने चार जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन विकेट हासिल किए। फेहरिस्त में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज की आलिया एलीने हैं। उन्होंने आठ विकेट अपने नाम किए हैं। वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज, पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना और इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने सात-सात विकेट चटकाए हैं।
महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक में सबसे ज्यादा रन
159 रन - स्मृति मंधाना (भारत)
134 रन - बैबेट डी लीडे (नीदरलैंड)
130 रन - शेमाइन कैम्पबेले (वेस्टइंडीज)
128 रन - डैनी वायट हॉज (इंग्लैंड)
123 रन - नीलाक्षी डी सिल्वा (श्रीलंका)
महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक में सबसे ज्यादा विकेट
10 विकेट - श्री चरणी (भारत)
8 विकेट - आलिया एलीने (वेस्टइंडीज)
7 विकेट - हेली मैथ्यूज (वेस्टइंडीज)
7 विकेट - सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड)
7 विकेट - फातिमा सना (पाकिस्तान)



