
सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतने वाले क्रिकेटर, जो रूट ने खतरे में डाला आर अश्विन का रिकॉर्ड
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने अपने करियर में 12वां प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीता है। उन्होंने आर अश्विन का रिकॉर्ड खतरे में डाल दिया है। सबसे ज्यादा अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है।
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 123.50 के औसत से 247 रन बटोरे। उनके बल्ले से एक शकतीय जबकि दो अर्धशतकीय पारियां निकलीं। रूट ने मंगलवार को कोलंबो में खेले गए आखिरी वनडे में 108 गेंदों में 9 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 111 रन बनाए। इंग्लैंड ने 357/3 का विशाल स्कोर बनाया और श्रीलंका को 53 रनों से रौंदकर सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया। रूट प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। यह उनके करियर का 12वां प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड है। वह अभी तक 384 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं।
रूट ने खतरे में डाला अश्विन का रिकॉर्ड
35 वर्षीय रूट इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले क्रिकेटरों की लिस्ट में संयुक्त रूप से छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन और वेस्टइंडीज के पूर्व धाकड़ क्रिकेटर क्रिस गेल का रिकॉर्ड खतरे में डाल दिया है। अश्विन ने 287 इंटरनेशनल खेलकर 12 प्लेयर ऑफ सीरीज पुरस्कार हासिल किए। उन्होंने 11 टेस्ट क्रिकेट में जीते जो सबसे लंबे फॉर्मेट में संयुक्त रूप से सर्वाधिक हैं। उन्होंने दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा। वहीं, गेल ने अपने करियर में 483 मुकाबले खेले और 12 बार प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए।
विराट कोहली के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक प्लेयर ऑफ सीरीज अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने अब तक 559 मैच खेले हैं और 22 बार यह अवॉर्ड अपने नाम किया। कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 24 साल के करियर में 664 मुकाबले खेलने के बाद 20 बार पुरस्कार हासिल किया। बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन 17 मर्तबा प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। उन्होंने 447 इंटरनेशनल मैच खेले। साउथ अफ्रीका के पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर जैक्स कैलिस लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं। उन्होंने 519 मैचों में 15 अवॉर्ड पर कब्जा जमाया।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड
22 - विराट कोहली
20 - सचिन तेंदुलकर
17 - शाकिब अल हसन
15 - जैक्स कैलिस
13 - डेविड वॉर्नर
13 - सनथ जयसूर्या
12 - जो रूट
12 - आर अश्विन
12 - क्रिस गेल
11 - क्विंटन डिकॉक
11 - शॉन पोलक
11 - एस चंद्रपॉल
11 - रिकी पोंटिंग
11 - मुथैया मुरलीधरन






