
भारत की हार में सबसे ज्यादा वनडे शतक; बदकिस्मत केएल राहुल पहुंचे टॉप-5 में, लिस्ट में रोहित के आगे कोहली
केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में अपने वनडे करियर का 8वां शतक जड़ा। हालांकि उनकी इस पारी के बावजूद भारत को हार का सामना करना पड़ा। राहुल का नाम इसी के साथ बदकिस्मत खिलाड़ियों की लिस्ट में जुड़ गया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारतीय विकेट कीपर केएल राहुल ने शानदार शतक जड़ते हुए 112 रनों की नाबाद पारी खेली। हालांकि उनकी इस पारी पर डेरेल मिशेल ने शतक जड़ पानी फेर दिया। न्यूजीलैंड ने यह मैच 7 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी की। केएल राहुल का वनडे करियर का यह 8वां शतक था, वहीं भारत की हार में तीसरा। जब वनडे क्रिकेट में भारत की हार में सबसे ज्यादा शतक जडऩे वाले खिलाड़ियों की लिस्ट टटोली गई तो केएल राहुल युवराज सिंह, एमएस धोनी और मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे दिग्गजों के साथ टॉप-5 में पाए गए। जी हां, इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और रोहित शर्मा के नाम भी शामिल है।
भारत की हार में सबसे ज्यादा शतक जड़ने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने वनडे में कुल 49 शतक जड़े, जिसमें से 14 शतक तब आए जब टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।
वहीं विराट कोहली लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। कोहली के नाम वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा 53 शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इन 53 में से 8 शतक भारत की हार में आए।
कोहली के बाद लिस्ट में हिटमैन रोहित शर्मा हैं। रोहित शर्मा के 7 शतक भारत की हार में आए हैं। रोहित ने अपने करियर में कुल 33 सेंचुरी जड़ी है।
शिखर धवन, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ 4-4 शतकों के साथ लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं। धवन ने अपने करियर में कुल 17, गांगुली ने 22 और द्रविड़ ने 12 सेंचुरी लगाई थी।
केएल राहुल की टॉप-5 में एंट्री
भारतीय विकेट कीपर बल्लेबाज केएल राहुल की अब टॉप-5 में एंट्री हो गई है। उन्होंने वनडे करियर में कुल 8 शतक लगाए हैं, जिसमें से 3 भारत की हार में आए। केएल राहुल के अलावा युवराज सिंह, एमएस धोनी, मोहम्मद अजहरुद्दीन और रवि शास्त्री ने अपने करियर में 3-3 शतक भारत की हार में लगाए थे।

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें




