IND vs PAK मैच होगा या नहीं, नकवी ने बताया कब होगा फैसला? श्रीलंकाई राष्ट्रपति का आया फोन
IND vs PAK मैच बॉयकॉट खत्म होगा या नहीं। मोहसिन नकवी ने बताया कि पाकिस्तान मैच को लेकर फैसला कब लेगा? टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने सोमवार को कहा कि भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच के बहिष्कार पर अंतिम फैसला अगले 24 घंटे में आ जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) से लगातार बातचीत की जा रही है। लाहौर में एक प्रेस कांफ्रेंस में नकवी ने कहा कि पीसीबी आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से कुछ मसलों पर जवाब का इंतजार कर रहा है। भारत के खिलाफ मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना है।
‘बांग्लादेश सही था तो हमने साथ दिया’
यहां मीडिया रपटों में कहा गया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को श्रीलंका से राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके का भी फोन आया है जिन्होंने बहिष्कार का फैसला वापिस लेने का आग्रह किया है। जियो न्यूज ने कहा कि शरीफ ने आश्वासन दिया है कि पाकिस्तानी टीम भारत के खिलाफ खेलेगी। नकवी ने पत्रकारों से कहा, ''हमने उनसे बात की है। मेरे लिए अभी कोई टिप्पणी करना सही नहीं होगा। हमें उनका जवाब मिल जाने के बाद हम फैसला करेंगे। हम आईसीसी का जवाब मिलने के बाद प्रधानमंत्री (शाहबाज शरीफ) के पास सलाह के लिए फिर जाएंगे।'' उन्होंने कहा, ‘’कल या परसों घोषणा की जा सकती है।'' उन्होंने कहा, ''हम अपने मेहमानों का सम्मान करते हैं और आईसीसी हमारे घर आई है तो हमने उन्हें पूरा सम्मान दिया। इस समय मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता क्योंकि आईसीसी और बांग्लादेश के बीच बातचीत जारी है। बांग्लादेश सही था तो हमें उसका साथ देना ही था।''
नकवी ने इन अटकलों को खारिज किया
सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार पर बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। नकवी ने इन अटकलों को भी खारिज किया कि आईसीसी से कार्रवाई की चेतावनी मिलने के कारण पीसीबी दबाव में है। उन्होंने कहा, ''आपको पता है कि हम इन धमकियों से डरने वालों में से नहीं है। सभी हमारे फील्ड मार्शल (असीम मुनीर) को जानते हैं। हम किसी प्रतिबंध से नहीं डरते।'' सूत्रों के अनुसार नकवी इस मुद्दे पर हालिया घटनाक्रम की जानकारी प्रधानमंत्री को देंगे और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अनुरोध के बाद उनसे बहिष्कार का फैसला वापिस लेने की गुजारिश करेंगे। भारत के खिलाफ मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है।
प्रधानमंत्री शरीफ को जानकारी देंगे नकवी
सूत्र ने कहा, "नकवी प्रधानमंत्री को बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) क्रिकेट बोर्ड तथा आईसीसी के साथ हुई अपनी बातचीत की जानकारी देंगे और उन्हें इस संकट से अवगत कराएंगे।" सूत्र ने कहा कि ख्वाजा के साथ हुई बातचीत में नकवी ने कई मुद्दे उठाए। इसमें भारत पाक क्रिकेट की बहाली और बांग्लादेश समेत त्रिकोणीय सीरीज का आयोजन शामिल है ताकि विश्व कप से बाहर होने से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को हुए नुकसान की भरपाई हो सके। भारत-पाक द्विपक्षीय क्रिकेट आईसीसी के दायरे में नहीं है जबकि त्रिकोणीय सीरीज की मांग खारिज कर दी गई है। भारत ने एक दशक से अधिक समय से कोई त्रिकोणीय सीरीज नहीं खेली है।
बांग्लादेश को कोई सजा नहीं देगा ICC
आईसीसी ने सोमवार को कहा कि भारत में टी20 विश्व कप के मैच खेलने से इनकार पर वह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई दंड नहीं लगाएगा। आईसीसी ने एक बयान में कहा ,'' इस पर रजामंदी बनी है कि मौजूदा मसले के संदर्भ में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी तरह का आर्थिक, खेल संबंधी या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जाएगा।'' आईसीसी ने यह भी कहा कि बांग्लादेश को 2028 से 2031 के बीच में एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी दी जाएगी। आईसीसी ने कहा, ''इस समझ के तहत एक समझौता हुआ है कि बांग्लादेश आईसीसी पुरूष विश्व कप 2031 से पहले आईसीसी के एक टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा, जो आईसीसी की सामान्य मेजबानी प्रक्रिया, समयसीमा और परिचालन संबंधी जरूरतों के मुताबिक तय होगा ।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



