मोहसिन नकवी फिर ट्रॉफी को लेकर करेंगे ड्रामा? भारत विमेंस एशिया कप जीता तो...
विमेंस एशिया कप 2026 का खिताब जीतने का भारत प्रबल दावेदार है। हालांकि फाइनल में ट्रॉफी को लेकर एक बार फिर ड्रामा हो सकता है क्योंकि मोहसिन नकवी एक बार फिर वहां मौजूद हो सकते हैं।

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया दुबई में जारी विमेंस एशिया कप 2026 में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान समेत थाइलैंड और हॉन्ग-कॉन्ग को हराकर ना सिर्फ भारत ने जीत की हैट्रिक लगाई, बल्कि सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम भी बनी। भारत इस बार ट्रॉफी का प्रबल दावेदार है। हालांकि फाइनल में खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी को लेकर ड्रामा देखने को मिल सकता है। दरअसल, रिपोर्ट्स हैं कि एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख मोहसिन नकवी 13 सितंबर को होने वाले फाइनल में मौजूद हो सकते हैं। अगर नकवी फाइनल में पहुंचते हैं और पोस्ट मैच प्रजेंटेशन अटैंड करते हैं तो भारत उनके हाथ से शायद ही ट्रॉफी लेगा।
क्यों मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेगा भारत?
विमेंस टीम ने इस बार भी पाकिस्तान के खिलाफ वही रुख अपनाया है जिसकी शुरुआत सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली मेंस टीम ने 2025 एशिया कप के दौरान की थी। सूर्या की अगुवाई में ही भारतीय टीम ने पहली बार पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार किया था। इसे नो हैंडशेक कॉन्ट्रोवर्सी का नाम दिया गया, जिसे महिला टीम के अलावा भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्तर पर अपनाया गया।
2026 विमेंस एशिया कप में जब भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला हुआ तो भी हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने इस रुख को अपनाए रखा और पूरे मैच के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाए।
टीम इंडिया के इस रवैये को देखते हुए कहा जा सकता है कि अगर मोहसिन नकवी फाइनल में ट्रॉफी देने आए तो भारत उनका बहिष्कार कर सकता है और एक बार फिर खिताब जीतने के बावजूद भारत ट्रॉफी के बिना घर लौटेगा।।
मोहसिन नकवी 'ट्रॉफी चोर'
2025 एशिया कप का खिताब जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। पहलगाम अटैक के चलते भारतीय खिलाड़ियों का गुस्सा चरम पर था, भारत ने इसका विरोध एशिया कप में दर्शाया।
लगभग एक घंटे तक यह ड्रामा चला, मोहसिन नकवी ट्रॉफी देने के लिए खड़े रहे, मगर भारतीय खिलाड़ी स्टेज पर नहीं चढ़े। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख मोहसिन नकवी ट्रॉफी लेकर ही मैदान से चले गए। भारत को आज तक एशिया कप 2025 की ट्रॉफी नहीं मिली है।
रिपोर्ट्स के अनुसार आज भी एशिया कप 2025 की ट्रॉफी ACC के ऑफिस में मौजूद है। नकवी ने इस ट्रॉफी को भारत को नहीं सौंपा है।



