मोहम्मद शमी भारतीय टीम में वापसी को लेकर खुलकर बोले, रणजी ट्रॉफी के पहले ही मैच में झटके 4 विकेट
मोहम्मद शमी ने रविवार को बंगाल और दिल्ली के बीच रणजी ट्रॉफी मैच में 4 विकेट लिए। उन्होंने भारतीय टीम में वापसी को लेकर उम्मीद लगभग छोड़ दी है और कहा है कि अब वह ऐसे सवालों पर जवाब नहीं देना चाहते हैं।

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं। हाल ही में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का वापसी हुई है, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि अनुभवी तेज गेंदबाज शमी की भी वापसी हो सकती है। इस समय शमी रणजी ट्रॉफी में बंगाल की टीम के लिए खेल रहे हैं, जहां उन्होंने रविवार को दमदार गेंदबाजी की और चार विकेट चटकाए। बंगाल की टीम ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप सी मुकाबले में रविवार को पहले दिन दिल्ली की पहली पारी 77.3 ओवर में 240 रन पर समेट दी। शमी ने पहले दिन के खेल के खत्म होने के बाद अपनी वापसी को लेकर बयान दिया है।
वापसी को लेकर बोले शमी
मोहम्मद शमी ने रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में 4 विकेट लेने के बाद भारतीय टीम में अपनी वापसी को लेकर कहा, ''मेरे काम सिर्फ खेलना है। मैंने ऐसे कमेंट करना बंद कर दिया है। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जिसको जो करना है करो।''
भुवनेश्वर की वापसी पर शमी ने कहा, ''ये पहले होना चाहिए था। वो बोलता नहीं है किसी से। उसने जैसा आईपीएल में प्रदर्शन किया है वो टीम में आने का हकदार है। हर किसी को प्रदर्शन करने पर मौका मिलना चाहिए।'' शमी ने अपनी वापसी पर मजाक में कहा, ''खराब इंसान, अच्छा बॉलर नहीं हूं।''
भुवनेश्वर ने की वापसी
भुवनेश्वर की वापसी ने मोहम्मद शमी को लेकर भी सवाल फिर से खड़े कर दिए हैं जो घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखने के बावजूद मौजूदा टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर हैं। शमी आखिरी बार मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत के लिए खेले थे। वह तब से घरेलू क्रिकेट के जरिए वापसी की कोशिश कर रहे हैं जिसमें उन्होंने उत्साहजनक प्रदर्शन किए हैं। हालांकि, कोटक ने बंगाल के अनुभवी तेज गेंदबाज की संभावित वापसी को लेकर किसी भी अटकल से खुद को अलग रखा। उन्होंने कहा, ''सबसे पहले मैं चयनकर्ता नहीं हूं इसलिए मेरे लिए आपको यह बताना मुश्किल है। लेकिन शमी भी खेल रहे हैं और वह भी अच्छा कर रहे हैं। ''
उन्होंने कहा, ''अगर चयनकर्ताओं को लगता है कि वह अच्छा कर रहे हैं और टीम को उनकी जरूरत है, तो किसी भी खिलाड़ी का चयन किया जा सकता है। ‘’
शमी ने लिए 4 विकेट
शमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 रन देकर चार विकेट झटके। आकाश दीप ने 74 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि मुकेश कुमार को 43 रन देकर एक सफलता मिली। ऑफ स्पिनर अमीर गनी ने भी पिच से मिल रही मदद का फायदा उठाते हुए 45 रन देकर तीन विकेट चटकाए। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करने वाले बंगाल ने तेज गेंदबाजों की मददगार पिच का फायदा उठाया।
शमी ने यश ढुल, आयुष दोसेजा (45) और दिल्ली की ओर से सर्वाधिक 56 रन बनाने वाले ऋतिक शौकीन के अलावा दिविज मेहरा को अपना शिकार बनाया। शौकीन ने 98 गेंदों की पारी में 56 रन बनाए। बंगाल ने दिल्ली की पारीसमाप्त कर दी।


