मोहम्मद शमी ने बताया भारत के सबसे फनी क्रिकेटर का नाम, बोले- वो कभी भी टेबल पर चढ़कर नाचने लगता है
मोहम्मद शमी ने भारत के सबसे फनी क्रिकेटर का नाम बताया है और कहा है कि वो कभी भी टेबल पर चढ़कर नाचने लगता है। शमी ने बिना कोई देरी किए अपने पूर्व साथी खिलाड़ी शिखर धवन का नाम लिया है।

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने उस खिलाड़ी का नाम बताया है, जो भारतीय क्रिकेट टीम का सबसे फनी कैरेक्टर रहा है। शमी ने बिना किसी देरी के अपने पूर्व साथी खिलाड़ी शिखर धवन को एक इंटरव्यू में सबसे फनी क्रिकेटर बताया है और कहा है कि वह कभी भी और कहीं भी टेबल पर चढ़कर डांस करने लगता है। दोनों साथ में काफी क्रिकेट खेले हैं और धवन अपने फनी कैरेक्टर के लिए फेमस हैं। सोशल मीडिया पर भी उनका यह अवतार अक्सर देखने को मिल जाता है। धवन को लेकर शमी ने यह भी बताया है कि जब हम मैच हार जाते हैं, तब भी वो बहुत खुश होता है और टीम का मूड लाइट कर देता है।
शमी ने क्रिकेट नेक्स्ट को दिए इंटरव्यू में कहा, "शिखर बहुत मजेदार है। वह ऐसी चीजें करता है, जिसकी कोई हद नहीं। मान लो हम मैच हार गए, सब लोग चेंज रूम में आकर बैठ जाते हैं। शिखर कुछ अलग करना चाहता है। वह बस बहुत जोर से हंसेगा। अगर मैं पूछूं कि तुम क्यों हंस रहे हो, तो वह कहता है, क्योंकि हम हार गए। वह ऐसी चीजें करता है। कभी भी, वह टेबल पर खड़ा हो जाएगा और पंजाबी म्यूजिक पर डांस करना शुरू कर देगा। इन चीजों से ड्रेसिंग रूम में वैसा ही माहौल बन जाता है। हमें भी इसमें मजा आता है, क्योंकि हार-जीत होती रहती है। जब आप पूरे साल खेलते हैं, तो आप जीतेंगे और हारेंगे। ये सब चीजें होती हैं, लेकिन तब ड्रेसिंग रूम में कोई भी बहुत उदास मूड में नहीं जाता।"
'युवराज ने कर दिया था मुझे कुर्सी पर खड़ा'
इसी इंटरव्यू में शमी ने यह भी बताया कि जब वह टीम में आए थे तो उनसे युवराज सिंह ने कुर्सी पर खड़े होकर स्पीच देने के लिए कहा था। इससे वह घबरा गए थे और सिर्फ छोटा सा इंट्रोडक्शन दे पाए थे। शमी ने बताया, "जब मैं पहली बार इंडियन टीम में शामिल हुआ, तो मुझे नहीं पता था कि चीजें कैसी हैं। गेम से एक दिन पहले टीम मीटिंग थी। जब मैं दरवाजे से अंदर गया और चारों ओर देखा, तो एक भी नाम ऐसा नहीं था जो मेरे सपने में न आया हो। मैं बस चुपचाप बैठा रहा। युवराज सिंह ने मुझे कुर्सी पर खड़े होने के लिए कहा। आप उन्हें क्या बोल सकते हैं? तो मैंने वैसा ही किया। उन्होंने मुझे स्पीच देने के लिए कहा। सारे नाम देखने के बाद मैं सब कुछ भूल गया था। मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सका। मैंने बस अपना नाम बताया और बताया कि मैं कहां से हूं। मैं इससे ज़्यादा कुछ नहीं कह सका, क्योंकि मुझे कुछ भी याद नहीं था।"



