Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Mohammed Shami lashes out at chief selector Ajit Agarkar Says unhen kaun update deta hai agar fitness ka
शमी ने चीफ सिलेक्टर अगरकर पर साधा निशाना; बोले- उन्हें कौन अपडेट देता है, अगर फिटनेस का...

शमी ने चीफ सिलेक्टर अगरकर पर साधा निशाना; बोले- उन्हें कौन अपडेट देता है, अगर फिटनेस का...

संक्षेप:

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चयनकर्ताओं को फिटनेस के बारे में अपडेट करना मेरा काम नहीं। शमी ने भारतीय टीम के लिए आखिरी मैच मार्च 2025 में खेला था।

Oct 14, 2025 06:19 pm ISTMd.Akram कोलकाता, भाषा
share Share
Follow Us on

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के दौरे से उन्हें बाहर रखने के लिए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि रणजी ट्रॉफी में बंगाल के लिए उनकी उपलब्धता साबित करती है कि वह फिट हैं और इस बारे में चयन समिति को अपडेट करना उनका काम नहीं है। शमी ने आखिरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और वरुण चक्रवर्ती के साथ देश के शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। शमी टखने और घुटने की बार बार होने वाली चोटों से जूझ रहे हैं जिसके लिए 2023 विश्व कप के बाद उनकी सर्जरी हुई थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

'अगर फिटनेस का मुद्दा होता तो...'

35 वर्षीय शमी पिछले काफी समय से भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं। वह भारत के लिए अंतिम बार जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेले थे। ईडन गार्डन्स में उत्तराखंड के खिलाफ बंगाल के पहले रणजी मैच की पूर्व संध्या पर शमी ने संवाददाताओं से कहा, ''मैंने पहले भी कहा है कि चयन मेरे हाथ में नहीं है। अगर फिटनेस का कोई मुद्दा होता तो मैं यहां बंगाल के लिए नहीं खेल रहा होता।'' ऑस्ट्रेलिया के 19 अक्टूबर से शुरू हो रहे दौरे के लिए भारत की सीमित ओवरों की टीम में जगह नहीं मिलने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि मुझे इस पर बात करके विवाद खड़ा करने की जरूरत नहीं है। अगर मैं चार दिवसीय (रणजी ट्रॉफी) खेल सकता हूं तो मैं 50 ओवरों का क्रिकेट भी खेल सकता हूं।''

ये भी पढ़ें:क्या मोहम्मद शमी की टीम इंडिया में हो पाएगी वापसी? चोपड़ा बताया क्यों है मुश्किल

'अपडेट मांगना मेरी जिम्मेदारी नहीं'

शमी ने कहा कि चयनकर्ताओं को अपनी फिटनेस की जानकारी देना उनका काम नहीं है। चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए टीम की घोषणा के बाद कहा था कि उनके पास शमी की फिटनेस के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, ''अपडेट देने की बात करें तो अपडेट देना या अपडेट मांगना मेरी जिम्मेदारी नहीं है। अपनी फिटनेस के बारे में अपडेट देना मेरा काम नहीं है।'' शमी ने कहा, ''मेरा काम एनसीए (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस - सीओई) जाना, तैयारी करना और मैच खेलना है। वो उनकी बात है, उन्हें कौन अपडेट देता है, किसने नहीं दिया। यह मेरी जिम्मेदारी नहीं है।'' उन्होंने उन स्थापित नियमों का हवाला देते हुए यह बात कही जिनके तहत सीओई फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करता है।

ये भी पढ़ें:शमी के बर्थडे पर जानिए 5 हैरतअंगेज रिकॉर्ड, ये कमाल करने वाले इकलौते गेंदबाज

'अगर आप मुझे नहीं चुनते तो मैं...'

भारतीय टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है, शमी आशावादी हैं लेकिन व्यावहारिक भी। उन्होंने कहा, ''मैं हमेशा कहता हूं कि आपको अपने देश के लिए सर्वश्रेष्ठ का चयन करना चाहिए। यह देश का मामला है। देश को जीतना चाहिए। हम सभी को खुश होना चाहिए। मैं हमेशा यही कहता हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘चुनौतियों से लड़ते रहो, खेलते रहो। अगर आप अच्छा प्रदर्शन करोगे, तो इसका फायदा आपको भी होगा। चयन मेरे हाथ में नहीं है। मैं सिर्फ तैयारी कर सकता हूं और मैच खेल सकता हूं। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। अगर आप मुझे नहीं चुनते तो मैं यहां आकर बंगाल के लिए खेलूंगा। मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। ’’ शमी ने कहा कि क्रिकेट जैसे खेल में एक खिलाड़ी हमेशा निरंतर प्रदर्शन नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, ''मैं दर्द में नहीं खेलना चाहता या टीम को तकलीफ नहीं देना चाहता। मैं ऑपरेशन के बाद वापसी करना चाहता था। मैं यही करने की कोशिश कर रहा हूं।''

ये भी पढ़ें:कोई अपडेट नहीं मिला...शमी के करियर पर खतरा, अगरकर ने बाहर होने की वजह बताई

'शमी पिछले साल से ज्यादा फिट हैं'

भारत का 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में प्रतिनिधित्व कर चुके इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने कहा, ''जब भी वे (चयनकर्ता) चाहेंगे, मैं खेलने के लिए तैयार हूं।'' शमी ने कहा कि वह अब भी घरेलू क्रिकेट को महत्व देते हैं क्योंकि इससे किसी भी क्रिकेटर की असली परीक्षा होती है। वहीं, बंगाल के कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला ने भी शमी के फिट होकर वापसी की सराहना की। उन्होंने कहा, ''पिछले साल सर्जरी से लौटने के बाद वह थोड़े लंगड़ा रहे थे। लेकिन अब वह पूरी तरह से फिट होकर दौड़ रहे हैं, अब कोई परेशानी नहीं है। हम सहयोगी स्टाफ के बीच भी इस पर चर्चा कर रहे थे। शमी पूरी तरह से फिट हैं और पिछले साल से ज्यादा फिट हैं। वह शत प्रतिशत फिट हैं।''

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |