मोहम्मद शमी 2027 वर्ल्ड कप प्लान में हैं या नहीं, जहीर खान बोले- भारतीय टीम किस तरह सोच रही, वो अलग…
मोहम्मद शमी को लेकर पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान ने एक अहम बात कही है। धाकड़ पेसर शमी लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। वह अगले महीने 36 साल के होने जा रहे हैं।

धाकड़ पेसर मोहम्मद शमी ने मार्च 2025 के बाद से भारत के लिए कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला। वह आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में आखिरी बार भारतीय जर्सी में उतरे थे। शमी को भारतीय सिलेक्टर्स द्वारा लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्हें श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया। शमी कई साल भारतीय टीम का एक अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने आईसीसी टूर्नामेंट में भारत की सफलता में काफी योगदान दिया है। शमी भले ही भारतीय टीम से बाहर चल रहे हों लेकिन जहीर खान उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप प्लान से पूरी तरह बाहर नहीं मानते। पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर का मानना है कि जब तक कोई खिलाड़ी उपलब्ध है तो टीम में आने की संभावना बनी रहती है। शमी आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में एक्टिव हैं। वह इसी महीने शुरू होने जा रही दलीप ट्रॉफी 2026 में भी एक्शन में होंगे।
'भारतीय टीम किस तरह सोच रही, वो अलग…'
जहीर से जब विमल कुमार के यट्यूब चैनल पर पूछा गया कि क्या शमी 2027 वनडे वर्ल्ड कप की प्लानिंग का हिस्सा हैं? जवाब में पूर्व गेंदबाज ने कहा, ''अगर वह खेल रहें तो इसका मतलब है कि उपलब्ध हैं। मैं उसी तरह से चीजों के देखता हूं। लेकिन टीम किस तरह सोच रही है, वो अलग बात है। हालांकि, आप किस तरह सोच रहे हो यह उतना ही मायने रखता है। क्योंकि आपको खेलना है, योगदान है तो यह आपको फैसला है। टीम मैनेजमेंट की प्लानिंग में क्या चल रहा है, उसका आप ज्यादा विश्लेषण नहीं कर सकते। बतौर खिलाड़ी आपके हाथ में जो चीजें हैं, वही करना चाहिए। शमी वही कर रहे हैं। वह मैच खेल रहे हैं।''
‘जब तक आपको मूल कारण पता नहीं चलेगा…’
भारत के कई खिलाड़ी चोट से जूझ रहे हैं। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह घुटने की चोट से उबर नहीं पाने के कारण श्रीलंका सीरीज बाहर हो गए। उनकी जगह आकिब को रिप्लेसमेंट के के रूप में शामिल किया गया। जहीर ने बातचीत के दौरान कहा, ''फास्ट बॉलर्स को लेकर इशूज हैं। देखिए चोट तो खेल का हिस्सा है। यह खिलाड़ियों के करियर में लगा रहता है। आप वर्कलोड मैनेजमेंट कर सकते हैं। आपको प्लानिंग भी उस तरह से करनी होती है। किसी गेंदबाज के लिए इंजरी का दौर आ रहा है तो उसके लिए यह जरूरी होता जाता है, जो चीजें आपके कंट्रोल में हैं, उनपर फोकस रखिए। जब तक आपको मूल कारण पता नहीं चलेगा तो आप आगे नहीं बढ़ सकते।''



