
क्या खत्म हो गया मोहम्मद शमी का करियर? 47 विकेट लेने के बाद भी सिलेक्ट नहीं हुए इम्प्रेस
मोहम्मद शमी ने 2025-26 के घरेलू सत्र में रणजी ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली और विजय हजारे ट्रॉफी को मिलाकर 16 मैचों में कुल 47 विकेट चटकाए हैं। घरेलू सत्र 2025-26 में दमदार प्रदर्शन के बावजूद उनकी अनदेखी ने उनके करियर के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार को चुनी गई भारतीय वनडे टीम में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को जगह नहीं मिली है। जिसका मतलब है कि लगातार सीरीज में नजरअंदाज किए जा रहे मोहम्मद शमी का करियर लगभग खत्म होने के कगार पर है। मोहम्मद शमी चोट से वापसी के बाद बंगाल के लिए सभी प्रारूपों में खेल रहे हैं और विकेट भी चटका रहे हैं लेकिन चयनकर्ताओं और उनके बीच तालमेल बैठ नहीं पा रहा है और इस वजह से लगातार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम में शामिल नहीं किया जा रहा है। शमी लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं लेकिन उन्होंने चोट से उबरने के बाद बंगाल की तरफ से घरेलू क्रिकेट में शानदार वापसी की। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वर्तमान सत्र में अभी तक सभी प्रारूप में 36 विकेट लिए हैं।
भारतीय घरेलू सत्र की शुरुआत रणजी ट्रॉफी से हुई, जिसमें शमी ने चार मैच में 18.60 के औसत से 20 विकेट लिए। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और सात मैचों में 14.93 के औसत से 16 विकेट हासिल किए। विजय हजारे ट्रॉफी में शमी बंगाल के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे हैं। बंगाल की टीम में भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार भी शामिल हैं। शमी ने विजय हजारे ट्रॉफी में 5 मैचों में 11 विकेट चटकाए हैं। इसके साथ ही मोहम्मद शमी ने घरेलू सीजन 2025-26 में अब तक 16 मैचों में कुल 47 विकेट झटके हैं। दमदार प्रदर्शन के बावजूद शमी को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसका एक ही मतलब है कि मोहम्मद शमी अब टीम के प्लान का हिस्सा नहीं रहे हैं।
मोहम्मद शमी ने भारत के लिए आखिरी मैच पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में खेला था। उन्होंने इस मैच में 9 ओवर में एक विकेट लेकर 74 रन खर्च किए थे। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। हालांकि वह लगातार घरेलू क्रिकेट में एक्टिव रहे हैं और विकेट ले रहे हैं। टेस्ट में उन्होंने भारत के लिए 64 मैचों में 229 विकेट लिए हैं। वनडे में 108 मैचों में 206 विकेट चटकाए हैं और टी20 में उनके नाम 25 मैच में 27 विकेट हैं।






