
कप्तान मोहम्मद रिजवान ने बताई पाकिस्तान टीम के हारने की वजह, बोले- पांचवें गेंदबाज ने...
पाकिस्तान की टीम को 6 साल से ज्यादा समय के बाद वनडे इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज के हाथों हार मिली। इस हार का कारण पाकिस्तान की टीम के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने बताया है। पांचवें गेंदबाज को उन्होंने दोषी बताया।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 6 साल से ज्यादा लंबे अंतराल के बाद वनडे इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज के हाथों हार मिली। पाकिस्तान की टीम सीरीज जीत सकती थी, लेकिन अब तीसरा मुकाबला सीरीज डिसाइडर होगा। पाकिस्तान टीम के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने मैच को हारने की वजह बताई और पांचवें गेंदबाज पर हार का ठीकरा फोड़ा। 5 विकेट से वेस्टइंडीज की टीम को बारिश से बाधित मैच में हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान की टीम ने स्कोर भी अच्छा नहीं बनाया था, लेकिन कप्तान ने गेंदबाजों को लताड़ लगाई।
दरअसल, पाकिस्तान की टीम ने त्रिनिदाद में खेले गए दूसरे वनडे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 37 ओवर में 7 विकेट खोकर 171 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज को 184 रनों का लक्ष्य इतने ही ओवरों में मिला था। कैरेबियाई टीम ने 33.2 ओवर में 5 विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। कैरेबियाई बल्लेबाजों ने पाकिस्तान के पांचवें गेंदबाजी विकल्प के खिलाफ आक्रमण किया, जिसका फायदा टीम को मिला। पांचवें गेंदबाज के रूप में पाकिस्तान के लिए सैम अयूब और सलमान आगा ने गेंदबाजी की। सलमान अली आगा ने 11 के रन रेट से रन लुटाए, जबकि सैम अयूब ने 8.20 के रन रेट से रन दिए। इनके अलावा किसी भी गेंदबाज का रन रेट 6 से कम था। ये हार का एक कारण है।
मोहम्मद रिजवान ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, “यह एक अच्छा प्रयास था, पिच अंत तक मुश्किल थी। रदरफोर्ड ने जिस तरह से आक्रमण किया, उससे उन्हें पूरी गति मिल गई। हमें लग सकता है कि हमारे पास एक गेंदबाज कम है, लेकिन सैम अयूब और सलमान आगा हमारे लिए नियमित रूप से और अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। यहां का पूर्वानुमान अजीब है, हम कल परिस्थितियों की जांच करेंगे और टीम संयोजन पर फैसला करेंगे।” उन्होंने बल्लेबाजों पर कोई उंगली नहीं उठाई, क्योंकि वे खुद फ्लॉप रहे।






