न्यूज में बने रहने के लिए 'बकवास'; मोहम्मद कैफ ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर को जमकर लताड़ा

Mar 05, 2026 04:50 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद आमिर की तीखी आलोचना की है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि पाकिस्तान का ये पूर्व क्रिकेटर भारत के बारे में बार-बार 'बकवास' इसलिए करता है कि वह न्यूज में रह सके।

न्यूज में बने रहने के लिए 'बकवास'; मोहम्मद कैफ ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर को जमकर लताड़ा

भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद आमिर की तीखी आलोचना की है। आमिर टी20 विश्व कप के दौरान लगातार भारतीय क्रिकेट टीम के बारे में ऐसी-ऐसी भविष्यवाणियां करते रहे हैं जिससे बाद में उनका ही खूब मजाक उड़ता है। अपनी भविष्यवाणियों के चिथड़े उड़ने के बाद आमिर टीम इंडिया के बारे में फिर कोई नई भविष्यवाणी कर देते हैं। उनकी ताजा भविष्यवाणी है कि सेमीफाइनल में भारतीय टीम को इंग्लैंड की टीम पटखनी दे देगी। ये टिप्पणी यूट्यूब पर कैफ के बयान के बाद की है। मोहम्मद कैफ ने कहा है कि पाकिस्तान का ये पूर्व क्रिकेटर भारत के बारे में बार-बार 'बकवास' इसलिए करता है कि वह न्यूज में रह सके।

मोहम्मद आमिर ने पहले भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा के बारे में कहा था कि वह तो एक स्लॉगर हैं यानी गेंद को मेरिट के बजाय आंख मुंदकर रिस्की शॉट खेलने वाला बल्लेबाज। उत्तर भारत में स्थानीय स्तर पर कई जगहों पर ऐसे बल्लेबाजों को अंखमुंदवा और उनके शॉट को अंखमुंदवा शॉट भी कहा जाता है। अभिषेक के बारे में आमिर ने ये टिप्पणी तब की थी जब वह विश्व कप के अपने शुरुआती तीन मैचों में खाता तक नहीं खोल पाए। हालांकि, चौथे मैच में उन्होंने 15 और उसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में उन्होंने शानदार अर्धशतक ठोका दिया। इसी तरह आमिर ने भविष्यवाणी की थी कि भारतीय टीम टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगी। भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई तो अब उनकी भविष्यवाणी है कि वह फाइनल में नहीं पहुंच पाएगी।

मोहम्मद आमिर के खुद के चर्चा में बने रहने की इस पैंतरेबाजी की आलोचना करते हुए मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘क्या आमिर वाकई नहीं जानते थे कि भारत सेमीफाइनल में पहुंचेगा? वह जानते थे कि डिफेंडिंग चैंपियन ऐसा करेगी। लेकिन वह ऐसी चीजें न्यूज में बने रहने के लिए करते हैं। हमें उन्हें अहमियत नहीं देनी चाहिए। हमें उनके लेवल पर नीचे गिरकर जवाब देने की कोई जरूरत नहीं है।’

मोहम्मद कैफ ने पिछले विश्व कप में अमेरिका के हाथों पाकिस्तान की हार का जिक्र करते हुए मोहम्मद आमिर की काबिलियत पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, ‘2024 में अमेरिका से वे हारे थे और उसके लिए जिम्मेदार यही गेंदबाज था। उस ओवर में उसने सिर्फ 1 बाउंड्री खाए लेकिन कई सारे वाइड फेंके थे। उसकी गेंदे स्टंप के आसपास तक नहीं गिर रही थी। अमेरिका तक से किसकी टीम दहशत में रही और किसकी टीम मैच हारी? मेरे पास इस पर और कहने के लिए कुछ नहीं है।’

मोहम्मद आमिर की 'बकवास' को नजरअंदाज करने की बात करते हुए कैफ ने कहा, ‘हम लोग उस पर फोकस क्यों कर रहे हैं? एक ऐसा देश जो स्पोर्ट में बहुत पीछे है, उनके पास कोई खिलाड़ी नहीं है, कोई मजबूत कप्तान नहीं है, कोई मजबूत गेंदबाज नहीं है, कुछ भी नहीं है। उन्हें वैसा रहने दीजिए। वे जो कुछ भी कह रहे हैं, सबका जवाब देने की जरूरत नहीं है। वे हमारे लेवल पर नहीं आ सकते। उनके पास अलग समस्या है। अगर हम उनकी टिप्पणियों पर फोकस करेंगे तब ये उन्हें महत्व देने जैसा होगा और वो यही तो चाहते हैं।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।