गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर पर भड़का पूर्व क्रिकेटर, कहा- नंबर 8 तक बैटिंग कोई बहादुरी नहीं है
गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर की सोच पर पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने सवाल उठाया है। उनका कहना है कि नंबर 8 तक बल्लेबाजी रखना कोई बहादुरी नहीं है। बहादुरी इस बात में है कि आप प्रोपर बॉलर को खिलाओ।

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने भारत की टीम के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर पर सीधा निशाना इस बात के लिए साधा है, क्योंकि वे नंबर 8 तक बल्लेबाजी रखना चाहते हैं। हालांकि, असल में यह प्लान हर एक फॉर्मेट में कोच गौतम गंभीर का ही दिखता है, जो बल्लेबाजी में गहराई चाहते हैं। इस पर कैफ ने कहा है कि यह कोई बहादुरी वाला काम नहीं है। वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मैच में भारत के गेंदबाजों पर 247 रन पड़े और भारतीय बल्लेबाज 223 तक पहुंच पाए और मुकाबला हार गए।
हैदराबाद में भारत की बल्लेबाजी में ज्यादा खोट नजर नहीं आया, लेकिन गेंदबाजों ने निराश किया। यही गेंदबाजों की यूनिट एक बार इसी सीरीज में 250 का टारगेट भी डिफेंड नहीं कर पाई थी। भारतीय गेंदबाजों ने तीसरे टी20 मैच में भी 200 से ज्यादा रन लुटाए थे। इसी वजह से कैफ ने टीम मैनेजमेंट की आलोचना की कि उन्होंने यह देखकर प्लेइंग XI नहीं चुनी कि हमारे सामने चुनौती क्या है।
मोहम्मद कैफ ने क्रिकबज पर कहा, "नंबर 8 तक बैटिंग रखना बहादुरी नहीं है। बहादुरी तो अच्छी बैटिंग विकेट पर अपने सही बॉलर्स को खिलाना है। बहादुरी का फैसला वह है, जिसमें आप सात बैट्समैन और पांच सही बॉलर्स चुनते हैं, जिसमें अक्षर पटेल ऑलराउंडर के तौर पर शामिल हैं। बहादुरी का मतलब है विरोधी टीम को 250 रन बनाने न देना और फिर कहना कि हम इसे चेज कर लेंगे। अगर आप असल में 5 मेन बॉलर्स के साथ खेलते हैं, तो आपको इतने सारे रन चेज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंडीशन जितनी फ्लैट होंगी, उतने ही ज्यादा स्पेशलिस्ट बॉलर्स को खिलाना चाहिए।"
कुलदीप को खिलाना था- कैफ
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कुलदीप यादव को बाहर रखे जाने पर भी सवाल किया। उन्होंने सलाह दी है कि भले ही आपको एक बल्लेबाज को बाहर करना पड़े, लेकिन कुलदीप को खिलाना चाहिए। उन्होंने कहा, "मैं कुलदीप यादव को खिलाता। राशिद खान ने हैदराबाद की इसी पिच पर अपना नाम बनाया है। ICC रैंकिंग में टॉप 4 में सभी लेग स्पिनर हैं। इसलिए फ्लैट पिच पर कुलदीप यादव और भी ज्यादा काम के होते। सिर्फ पेस में बदलाव और हैदराबाद की पिच से एक्स्ट्रा बाउंस से उन्हें मदद मिलती। इंडिया आसानी से एक बैटर हटाकर दूसरा बॉलर चुन सकता था।" सीरीज का पांचवां मैच अब सीरीज डिसाइडर है, क्योंकि 4 मैच अब तक हुए हैं, जिनमें पहला और तीसरा मैच भारत ने जीता, जबकि दूसरा और चौथा मैच वेस्टइंडीज ने जीता।


