मिचेल स्टार्क ने कपिल देव को पछाड़ा, टॉप-10 से एक कदम दूर; टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरा विकेट चटकाते ही कपिल देव को टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में पछाड़ दिया है। मुरलीधरन 800 विकेट के साथ टॉप पर हैं।

mitchell starc and kapil dev
मिचेल स्टार्क और कपिल देव

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में जारी पहले टेस्ट में दो विकेट चटकाते ही भारतीय लीजेंड कपिल देव को टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पछाड़ दिया है। कपिल देव ने अपने टेस्ट करियर में 434 विकेट चटकाए थे, मगर स्टार्क अब इन दो विकेट के साथ उनके आगे निकल चुके हैं। स्टार्क के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में 435 विकेट हो गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि लिटन दास को 0 के निजी स्कोर पर आउट कर हासिल की। इससे पहले उन्होंने शादमान इस्लाम का विकेट चटकाया था।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज

मिचेल स्टार्क अब 435 विकेट के साथ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में 11वें पायदान पर पहुंच गए हैं। उनकी नजरें अब जल्द से जल्द टॉप-10 में अपनी जगह बनाने पर होगी। इस लिस्ट में 10वें नंबर पर साउथ अफ्रीका के लीजेंड डेल स्टेन 439 विकेटों के साथ मौजूद हैं। स्टार्क को अगर टॉप-10 में जगह बनानी है तो उन्हें 5 और विकेट निकलने होंगे।

मुरलीधरन के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड

श्रीलंका के पूर्व स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नाम टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे अधिक 800 विकेट चटकाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। वह इस लिस्ट में पहले पायदान पर हैं। वहीं उनके पीछे एक और दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न हैं, जिन्होंने क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में 708 विकेट चटकाए थे।

इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन 700 विकेट का आंकड़ा पार करने वाले एकमात्र तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में 704 विकेट चटकाए थे और वह लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं।

वहीं भारत के अनिल कुंबले 619 विकेट के साथ लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं। अश्विन जो 537 विकेट के साथ लिस्ट में 8वें पायदान पर हैं वह कुंबले के लिए एक समय पर खतरा बने हुए थे, मगर उन्होंने भी अब रिटायरमेंट ले लिया है।

मुथैया मुरलीधरन800
शेन वॉर्न708
जेम्स एंडरसन704
अनिल कुंबले619
स्टुअर्ट ब्रॉड604
नाथन लायन568
ग्लेन मैक्ग्रा563
आर अश्विन537
कर्टनी वॉल्श519
डेल स्टेन439

मैच के दूसरे दिन बांग्लादेश मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी। तंजीद हसन ने शतक जड़ा वहीं कप्तान शांतो ने 84 रनों की शानदार पारी खेली। बांग्लादेश ने 300 रन का आंकड़ा पार कर लिया है, मगर ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन के आखिरी सेशन में जोरदार वापसी की। खबर लिखे जाने तक बांग्लादेश 6 विकेट खो चुका है। उनके पास 118 रनों की लीड है।

बांग्लादेश के गेंदबाजों ने पहले टेस्ट के शुरूआती दिन मेजबान ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम को पहली पारी में 198 रन पर समेट दिया जिसमें हसन महमूद ने अपने टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 55 रन देकर छह विकेट हासिल किए। इसके बाद बांग्लादेश के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने स्टंप तक एक विकेट पर 96 रन बना लिए जिससे वह पहली पारी के हिसाब से केवल 102 रन से ही पीछे है।

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और बिना किसी नुकसान के 45 रन बना लिए थे। लेकिन हसन ने लगातार सटीक लाइन एवं लेंथ से गेंदबाजी करते हुए अपने छठे और सातवें ओवर में सलामी बल्लेबाज जेक वेदराल्ड (23 रन) और ट्रेविस हेड (22 रन) को आउट कर दिया।

इसके बाद हसन, तास्किन अहमद (55 रन देकर दो विकेट) और इबादत हुसैन (39 रन देकर दो विकेट) ने पहले दो सत्रों में शानदार अनुशासित गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। सिर्फ स्टीव स्मिथ ही संघर्ष करते हुए 71 रन बना सके।

ऑस्ट्रेलिया ने नौवें विकेट के रूप में स्मिथ का विकेट गंवाया। उन्होंने हसन की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन विकेटकीपर लिटन दास ने उनका कैच लपक लिया। स्मिथ की पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल था।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़स्टार्क निकले कपिल देव से आगे, मुरलीधरन नंबर-1; टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट