दिल्ली कैपिटल्स की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, IPL 2027 मिस कर सकते हैं मिचेल स्टार्क; ये है वजह
IPL 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स को एक तगड़ा झटका लगने की संभावना है, क्योंकि IPL 2027 को ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क मिस कर सकते हैं। इसके पीछे की वजह है वर्कलोड।

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अगर IPL 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स को झटका दे दें तो इसमें हैरान मत होना। करीब 6 महीने पहले ही स्टार्क ने बता दिया है कि आईपीएल के आने वाले सीजन में उनके खेलने की संभावना सुनिश्चित नहीं है। ऑस्ट्रेलिया की टीम का शेड्यूल टाइट है। जनवरी-फरवरी में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज ऑस्ट्रेलिया को भारत में खेलनी है। इसके बाद एशेज सीरीज के 150 साल पूरे होने पर मार्च के दूसरे सप्ताह में इंग्लैंड में टेस्ट खेलना है और इसके ठीक बाद आईपीएल खेला जाएगा। ऐसे में मिचेल स्टार्क आईपीएल मिस कर सकते हैं।
मिचेल स्टार्क ने कन्फर्म किया कि उनके शेड्यूल को लेकर बातचीत चल रही है। हालांकि, अभी कोई पक्का नतीजा नहीं निकला है। कोड स्पोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने कहा, "मैंने कुछ बातचीत की है। अभी कुछ पक्का नहीं है।" उधर, ऑस्ट्रेलिया की टीम के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने इस बात पर जोर दिया है कि फ्रेंचाइजी कमिटमेंट्स और नेशनल ड्यूटी में बैलेंस करना एक चुनौती है। उन्होंने क्रिकइंफो से बात करते हुए माना कि IPL एक हाई-कैलिबर T20 टूर्नामेंट है, जो प्लेयर डेवलपमेंट में मदद करता है, लेकिन उनका मानना है कि फिजिकल मैनेजमेंट सबसे जरूरी है।
मैकडोनाल्ड ने कहा, "मुझे पता है कि लोग IPL और उस समय को भरने के बारे में बात करना शुरू कर देंगे। IPL हमारे बहुत से खिलाड़ियों के लिए हमारे मैनेजमेंट प्लान का हिस्सा है और हमारे सबसे अच्छे खिलाड़ियों को T20 क्रिकेट के मामले में जो सबसे अच्छा कॉम्पिटिशन लगता है, उसमें खेलने से परफॉर्मेंस को भी फायदा होता है। आपको बस इसे बैलेंस करना होगा।"
आखिर क्या है स्टार्क के साथ समस्या
ऑस्ट्रेलिया का ये स्टार पेसर वनडे और टेस्ट क्रिकेट में एक्टिव है। टेस्ट क्रिकेट को कुछ ज्यादा ही प्राथमिकता मिचेल स्टार्क देते हैं। स्टार्क भारत में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में खेलेंगे, जो 21 जनवरी से शुरू हो गई और मार्च की शुरुआत में खत्म होगी। इसके बाद 11 मार्च से इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक 150 साल वाला टेस्ट मेलबर्न में खेला जाएगा। लगातार 6 टेस्ट खेलना और फिर दो महीने के इंटेंस आईपीएल में खेलना बड़ा मुश्किल होगा। जून में फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल है, जो और भी बड़ी समस्या होगी। अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी भी उन्हें करनी है और मौजूदा समय में वे साउथ अफ्रीका में 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रहे हैं। इसके अलावा भी कुछ सीरीज शेड्यूल होंगे। इस तरह बहुत ही ज्यादा हेक्टिक शेड्यूल उनके लिए होने वाला है।
मिचेल स्टार्क की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें आईपीएल 2026 के ऑक्शन में 11.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, 2026 के सीजन में इंजरी के चलते वह 6 ही मुकाबले खेल पाए थे। उनकी कमी टीम को खली थी। अब रिटेंशन से पहले दिल्ली की समस्या स्टार्क ने बढ़ा दी है।


