
मिचेल स्टार्क ने तोड़ा पैट कमिंस का रिकॉर्ड, बने WTC इतिहास के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज; टॉप-5 में दो भारतीय भी
मिचेल स्टार्क ने इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज में खूब तबाही मचाई। 5 मैच की इस सीरीज में स्टार्क ने सबसे अधिक 31 विकेट चटकाए। इन 31 विकेट के साथ वह WTC इतिहास के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं।
ऑस्ट्रेलियाई स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC के इतिहास के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने WTC में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में हमवतन पैट कमिंस को पछाड़ दिया है। स्टार्क के ऊपर इस लिस्ट में एकमात्र गेंदबाज उन्हीं के देश के हैं। इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने 4-1 से अपने नाम किया। स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 5 मैच की इस सीरीज में कुल 31 विकेट चटकाए। इस धाकड़ परफॉर्मेंस के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
मिचेल स्टार्क इन 31 विकेट के साथ WTC इतिहास के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने WTC में अभी त क 222 विकेट चटका लिए हैं। सिडनी टेस्ट में 5 विकेट लेकर उन्होंने पैट कमिंस को पछाड़ा है जिनके नाम 221 विकेट हैं।
स्टार्क के आगे अब सिर्फ नाथन लायन हैं, जिनके नाम WTC में सबसे अधिक 224 विकेट चटकाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। हालांकि स्टार्क और लायन के बीच मात्र 2 ही विकेट का अंतर है।
WTC इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले टॉप-5 गेंदबाजों की इस लिस्ट में दो भारतीय भी हैं। पूर्व स्पिनर आर अश्विन चौथे तो जसप्रीत बुमराह पांचवें पायदान पर हैं।
WTC इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले टॉप-5 गेंदबाज
नाथन लायन- 224
मिचेल स्टार्क- 222
पैट कमिंस- 221
आर अश्विन- 195
जसप्रीत बुमराह- 185
बात सिडनी टेस्ट की करें तो, इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए जो रूट के शतक के दम पर 384 रन बोर्ड पर लगाए थे, इसके जवाब में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 567 रन बनाकर 183 रनों की बढ़त हासिल की। ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रैविस हेड और स्टीव स्मिथ ने सेंचुरी लगाई। इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में जैकब बेथल चमके, जिन्होंने 160 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि इंग्लैंड दूसरी पारी में 342 ही रन बना पाया। ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट रहते टारगेट को चेज कर सीरीज 4-1 से अपने नाम की।






