पिछले टी20 विश्व कप से कितनी बदल गई टीम इंडिया, 3 ने ले लिया संन्यास; 4 हुए बाहर
बीसीसीआई ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। अगर इस स्क्वॉड की तुलना पिछली बार खिताब जीतने वाली टी20 टीम से करें तो कुल सात नए खिलाड़ियों की एंट्री हुई। पिछले स्क्वॉड से चार खिलाड़ियों को ड्रॉप भी किया गया है, जबकि तीन संन्यास ले चुके हैं।

आगामी टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम फाइनल हो गई है। शनिवार को बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया, कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के साथ हुई बैठक के बाद 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की गई। भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन है, लेकिन जून 2024 में चैंपियन बनने के बाद से भारतीय टी20 टीम बदलाव से गुजरी है और टीम के दिग्गज रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है। हालांकि अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है। वहीं पिछली बार की विश्व कप टीम से आठ खिलाड़ी आगामी टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज और उसके बाद होने वाले पुरुष टी-20 विश्वकप कप 2026 के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में ईशान किशन और रिंकू सिंह को शामिल किया गया है। हाल ही में चोटिल हुए शुभमन गिल को टीम में जगह नहीं मिल पाई। वहीं भारत के पिछले टी20 विश्व कप 2024 स्क्वॉड से इस बार कुल आठ खिलाड़ी मौजूदा स्क्वॉड में शामिल हैं। इसमें सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ी है।
इन खिलाड़ियों ने लिया संन्यास
भारत के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था। इन तीनों खिलाड़ियों ने भारत को विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
टी20 विश्व कप टीम में नए चेहरे
दुनिया के नंबर वन टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भारत के लिए टूर्नामेंट में पारी की शुरुआत करेंगे। रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा पहली बार टी20 विश्व कप खेलने उतरेंगे। वरुण चक्रवर्ती और ईशान किशन को टीम में शामिल किया गया है। ये दोनों खिलाड़ी 2021 टी20 विश्व कप का हिस्सा रह चुके हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में लगभग 200 की स्ट्राइक रेट से 500 से अधिक रन बनाकर झारखंड को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाने वाले इशान किशन की भारतीय टीम में वापसी हुई है। उन्होंने टूर्नामेंट में सिर्फ 10 पारियों में 57.32 की औसत से 517 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 197.32 रहा। उन्होंने दो अर्धशतक और दो शतक बनाये, जिसमें हरियाणा के खिलाफ फाइनल में जड़ा गया शतक (49 गेंदों पर 101 रन) भी शामिल है।
ये खिलाड़ी हुए बाहर
अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा थे लेकिन इस बार टी20 विश्व कप 2026 के लिए उन्हें जगह नहीं गई है। इन खिलाड़ियों ने 2025 में भारत के लिए एक भी टी20 मैच नहीं खेला है।
दोनों स्क्वॉड में मौजूद रहने वाले खिलाड़ी
भारत के लिए 2024 और अब 2026 टी20 विश्व कप में खेलने वाले आठ खिलाड़ी इस प्रकार हैं। सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल, संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह
टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या (उपकप्तान), विराट कोहली, यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज
टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल (उपकप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह

लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी





