
न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, बीच वर्ल्ड कप में बदलना पड़ा स्क्वॉड; ICC ने दी मंजूरी
न्यूजीलैंड को टी20 वर्ल्ड कप के बीच बड़ा झटका लगा है। स्टार स्पिनर माइकल ब्रेसवेल चोट के चलते टूर्नामेंट से बहार हो गए हैं। न्यूजीलैंड को इस वजह से अपने टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में बदलाव करना पड़ा है।
न्यूजीलैंड ने मंगलवार, 10 फरवरी को यूएई के खिलाफ 10 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह टी20 वर्ल्ड कप में उनकी लगातार दूसरी जीत है। टूर्नामेंट का इतना शानदार आगाज करने वाली न्यूजीलैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है। उनके स्टार स्पिनर माइकल ब्रेसवेल चोट के कराण टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें पिंडली में चोट आई है, जिस वजह से वह टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। आईसीसी की मंजूरी के बाद न्यूजीलैंड ने माइकल ब्रेसवेल के रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया है। न्यूजीलैंड टीम में माइकल ब्रेसवेल की जगह कोल मैककोन्ची को ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर शामिल किया गया है।
आईसीसी की रिलीज के अनुसार, न्यूजीलैंड को ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 कैंपेन के दौरान अपनी टीम में बदलाव करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमिटी ने न्यूज़ीलैंड टीम में माइकल ब्रेसवेल की जगह कोल मैककॉन्ची को ट्रैवलिंग रिज़र्व के तौर पर मंजूरी दे दी है। ऑलराउंडर ब्रेसवेल को 8 फरवरी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान सपोर्ट ड्यूटी करते समय चोट लग गई थी। न्यूजीलैंड ने अपने T20 वर्ल्ड कप कैंपेन की शुरुआत अफगानिस्तान पर पांच विकेट से जीत के साथ की। इसके बाद कीवी टीम ने UAE पर एक और शानदार जीत हासिल की।
न्यूज़ीलैंड के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि ब्रेसवेल को खोना एक बहुत बड़ा झटका है। वाल्टर ने कहा, “हम सभी माइकल के लिए दुखी हैं। वर्ल्ड कप से बाहर होना वाकई बहुत मुश्किल होता है और मैं जानता हूं कि न्यूजीलैंड के लिए खेलना उसके लिए कितना मायने रखता है। माइकल ने खुद को मौका देने के लिए बहुत मेहनत की थी लेकिन बदकिस्मती से उसे यह झटका लगा है। हम उसके जल्दी ठीक होने की दुआ करते हैं।”
न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप टीम: मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी।
ट्रैवलिंग रिजर्व: बेन सियर्स, कोल मैककॉन्ची

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें




