'सबसे खुशी की बात है कि...', PM नरेंद्र मोदी ने क्यों की जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की तारीफ?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतने वाली जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की तारीफ की है। पीएम मोदी ने रविवार को'मन की बात' कार्यक्रम में टीम का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने वाली जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम की रविवार को तारीफ करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वहां के खिलाड़ियों की जीत का सिलसिला जारी रहेगा। रेडियो पर अपने मासिक कार्यक्रम 'मन की बात' में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के क्रिकेटप्रेमियों के लिए मार्च का महीना उत्साह और रोमांच से भरा रहा। उन्होंने कहा कि भारत ने जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीता तो पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी देशवासियों को टीम की शानदार सफलता पर गर्व है।
'सबसे खुशी की बात है कि...'
उन्होंने कहा कि पिछले महीने के आखिर में कर्नाटक के हुबली में एक बहुत ही रोचक मैच में जम्मू कश्मीर क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी जीती। मोदी ने कहा,''सबसे खुशी की बात है कि करीब सात दशक के लंबे इंतजार के बाद इस टीम ने अपना पहला रणजी खिताब हासिल किया। यह अभूतपूर्व सफलता खिलाड़ियों के कई बरसों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।'' उन्होंने कहा ,''जम्मू-कश्मीर टीम के कप्तान पारस डोगरा ने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया। अपने नेतृत्व से इस जीत में उन्होंने एक अहम योगदान दिया।''
'जम्मू-कश्मीर के लोग रोमांचित हैं'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश में कश्मीर के युवा गेंदबाज आकिब नबी के प्रदर्शन की भी चर्चा हो रही है जिन्होंने रणजी सत्र में 60 विकेट लिये। उन्होंने कहा, ''इस जीत से टीम के खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ के साथ जम्मू-कश्मीर के लोग बहुत रोमांचित हैं। क्रिकेट के मैदान में इस शानदार प्रदर्शन के बाद वहां के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ गया। आने वाले समय में यह कई युवाओं को खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।''
'जीत का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा'
उन्होंने कहा, ''जम्मू-कश्मीर के लोगों में खेलों को लेकर गजब का जज्बा रहा है। मुझे खुशी है कि यह बड़े खेल आयोजनों का केंद्र भी बनता जा रहा है।'' मोदी ने कहा कि खेलो इंडिया विंटर खेलों के लिए गुलमर्ग पहले ही अपनी पहचान बना चुका है और फुटबॉल जैसे खेल भी वहां के युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा, ''मुझे आशा है कि आने वाले समय में जम्मू कश्मीर के खिलाड़ियों की जीत का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



