मानव सुथार को तो विकेट लेने के लिए टर्निंग ट्रैक की जरूरत नहीं; युवा ऑलराउंडर के कायल हो गए सुनील गावस्कर
युवा ऑलराउंडर मानव सुथार ने टेस्ट डेब्यू में ही प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीत लिया है। अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ टेस्ट में उन्होंने 7 विकेट झटके। महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने उनकी गेंदबाजी कौशल की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि सुथार को विकेट लेने के लिए टर्निंग ट्रैक की जरूरत ही नहीं है।

मानव सुथार की शानदार गेंदबाजी के बदौलत भारत ने न्यू चंडीगढ़ टेस्ट में अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। भारत की ये अब तक की सबसे बड़ी टेस्ट जीत है। ऑलराउंडर मानव सुथार ने अपने डेब्यू मैच में ही कमाल किया और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता। उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट झटके और दूसरी पारी में भी एक विकेट हासिल किए। महान सुनील गावस्कर ने बाएं हाथ के इस युवा स्पिनर की तारीफ करते हुए कहा है कि उसे विकेट लेने के लिए टर्निंग ट्रैक की जरूरत ही नहीं है।
जिओस्टार के 'क्रिकेट लाइव' में गावस्कर ने कहा, ‘लोग कहते हैं कि भारत में स्पिन गेंदबाज इसलिए सफल होते हैं कि उन्हें पिच से मदद मिलती है, कंडिशन्स उनके अनुकूल होती हैं। लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि अफगानिस्तान के खिलाफ पिच कोई मुद्दा ही नहीं रही। गेंदबाजी तो कौशल और नियंत्रण से होती है। और इस युवा ने ठीक वही किया है।’
मानव सुथार की निरंतरता की तारीफ करते हुए गावस्कर ने कहा कि उनके पास बल्लेबाज को लगातार परेशान करने की काबिलियत है। उन्होंने कहा कि जब आप सही जगह पर लगातार गेंद को लैंड कराते हैं तब आपको विकेट लेने के लिए टर्निंग ट्रैक की जरूरत नहीं होती।
मानव सुथार की सफलता को उनकी कड़ी मेहनत और और प्लानिंग को श्रेय देते हुए सुथार ने कहा कि वह सिर्फ भाग्यशाली ही नहीं है, वह चतुर और सटीक भी है।
मानव सुथार को 23 साल में टेस्ट में डेब्यू का मौका मिला। राजस्थान के ऑलराउंडर सुथार डेब्यू टेस्ट में ही 5 विकेट हॉल हासिल करने वाले भारत के 7वें स्पिनर और कुल मिलाकर 10वें गेंदबाज हैं। डेब्यू टेस्ट में नरेंद्र हिरवानी के 61-8 के बाद सुथार दूसरे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज हैं।
न्यू चंडीगढ़ टेस्ट की बात करें तो भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 564 रन बनाकर अपनी पहली पारी को घोषित कर दिया था। अफगानिस्तान को फॉलो ऑन टालने के लिए अपनी पहली पारी में 365 रन बनाने थे लेकिन अपना पहला टेस्ट खेल रहे मानव सुथार ने अफगान बल्लेबाजी को तहस-नहस कर डाला। अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में महज 152 रन पर सिमट गई। सुथार ने पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट झटके। प्रसिद्ध कृष्ण को 3 और वॉशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला।
फॉलो ऑन करते हुए अफगानिस्तान की दूसरी पारी महज 112 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में एक और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भारत की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 36 रन देकर 4 विकेट झटके। कुलदीप यादव ने 30 रन देकर 3 विकेट, मोहम्मद सिराज और मानव सुथार को 1-1 विकेट मिले।
इस तरह मानव सुथार ने अपने डेब्यू टेस्ट में दोनों पारियों को मिलाकर 7 विकेट झटके। इसके साथ ही उन्होंने पहले ही टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में भी शामिल हो गए।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


