'मैं जो बोलूंगा तुझे वही...', ऋषभ पंत को ‘घर वापसी’ पर कप्तान अक्षर पटेल से मिला धाकड़ मैसेज
ऋषभ पंत आईपीएल 2027 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेलेंगे। उन्होंने 2016 में दिल्ली की ओर से आईपीएल डेब्यू किया था। पंत की वापसी पर अक्षर पटेल ने एक जबर्दस्त मैसेज दिया है।

ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) में 'घर वापसी' हो गई है। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दो सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की कप्तानी करने के बाद डीसी में लौटे हैं। डीसी ने हाई-प्रोफाइल ट्रेड में स्पिनर कुलदीप यादव को एलएसजी को दिया और पंत को वापस लिया। पंत 15 करोड़ रुपये में वापस आए जबकि एलएसजी ने 2025 ऑक्शन में उन्हें 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी रकम थी। कुलदीप 13.50 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर लखनऊ टीम में गए। पंत की वापसी पर दिल्ली के कप्तान और ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने एक धाकड़ मैसेज दिया है।
'मैं जो बोलूंगा तुझे वही...',
अक्षर ने बुधवार को डीसी की ओर से सोशल मीडियो पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, ''बतौर कप्तान बस मुझे इतना पता है कि उसको फुल फ्रीडम मिलेगी। हमारा रिलेशन वैसे भी कप्तान और खिलाड़ी वाला कभी नहीं रहा। जब वह यहां था तो मेरा कप्तान भी था। वह मुझे लीड करता था। हमारे बीच कभी ऐसा नहीं रहा कि मैं कप्तान हूं और मैं जो बोलूंगा तुझे वही करना है। हम हमेशा आपसी समझ के साथ काम करते थे। उसे भी पता है कि वह सीनियर प्लेयर है। मुझे भी पता है कि मैं सीनियर प्लेयर हूं। हमारे बीच हमेशा म्यूचुअल अंडरस्टैंडिंग रही है कि किसी भी स्थिति में वह क्या कर सकता है और क्या नहीं कर सकता?''
'तुम उस कैटेगरी के प्लेयर'
उन्होंने आगे कहा, ''एक दोस्त के रूप में और बतौर कप्तान में उसको बस इतना ही कहना चाहूंगा कि उसपर मेरी या फ्रेंचाइजी की तरफ से कोई एक्स्ट्रा प्रेशर नहीं है। दिल्ली उसका घर है। वह कई साल दिल्ली की ओर से खेला है। मुझे उसको ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है। मुझे इतना पता है कि उसको मेरी तरफ से बतौर कप्तान पूरी आजादी मिलेगी। बस एन्जॉय करो। तुम्हारा जो नेचुरल कैरेक्टर और स्टाइल है, उसको एन्जॉय करो। फॉर्म और बाकी चीजें टेम्पररी होती हैं, लेकिन क्लास परमानेंट होती है। और तुम उस कैटेगरी के प्लेयर हो। हमारी तरफ से तुम्हें फुल फ्रीडम है। बस अपना गेम खेलो और एन्जॉय करो। उसके लिए मेरा यही मैसेज रहेगा।''
पंत का LSG में कैसा रहा प्रदर्शन?
गौरतलब है कि पंत ने 2016 से 2024 के बीच डीसी के लिए 111 मैच खेले थे। वह 2021 से 2024 तक टीम के कप्तान भी रहे और इस दौरान 43 मैचों में दिल्ली का नेतृत्व किया। एलएसजी के साथ उनका प्रदर्शन कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों मोर्चों पर उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। आईपीएल 2025 में टीम छह जीत और आठ हार के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही। वहीं, आईपीएल 2026 का प्रदर्शन और भी खराब रहा। पंत की कप्तानी में लखनऊ की टीम 10 टीमों की लीग में सबसे निचले स्थान पर रही। टीम को 14 मैचों में सिर्फ चार जीत मिलीं। बल्लेबाजी में भी पंत संघर्ष करते नजर आए। 2025 में उन्होंने 14 मैचों में केवल 269 रन बनाए और 2026 में 312 रन जोड़े।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



