रजत पाटीदार- वेंकटेश अय्यर नहीं, आवेश-कुलदीप को जगह, MP की रणजी टीम का ऐलान, इस प्लेयर को मिली कप्तानी
मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ ने 2026-27 सत्र की रणजी ट्रॉफी स्पर्धा के लिए अपनी 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में रजत पाटीदार और वेंकटेश अय्यर जैसे स्टार खिलाड़ी अनुपस्थित हैं। रीवांचल एक्सप्रेस कुलदीप सेन और आवेश खान को टीम में शामिल किया गया है।

मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) ने 2026-27 सत्र की रणजी ट्रॉफी स्पर्धा के लिए अपनी 17 सदस्यीय टीम मंगलवार को घोषित कर दी। चयनकर्ताओं ने नियमित कप्तान रजत पाटीदार के फिलहाल उपलब्ध नहीं होने के कारण शुभम शर्मा पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम की कमान सौंपी है। शर्मा पहले भी रणजी ट्रॉफी में मध्यप्रदेश की कमान संभाल चुके हैं।
एमपीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले रणजी सत्र में मध्यप्रदेश की कप्तानी करने वाले रजत पाटीदार के साथ ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ छह अक्टूबर से शुरू होने वाली तीन मैच की एकदिवसीय शृंखला के लिए भारत-ए की टीम में शामिल हैं, इसलिए दोनों खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं हैं। अधिकारी ने बताया कि वेंकटेश अय्यर सर्जरी से उबर रहे हैं और इस कारण वह भी घरेलू क्रिकेट की शीर्ष स्पर्धा में नहीं खेल सकेंगे।
चयनकर्ताओं ने मध्यप्रदेश की रणजी टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का समन्वय बैठाने की कोशिश की है। टीम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव रखने वाले तेज गेंदबाज आवेश खान और 'रीवांचल एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर कुलदीप सेन को शामिल किया गया है। स्पिन आक्रमण के लिए कुमार कार्तिकेय और सारांश जैन को टीम में जगह दी गई है। जैन ने 23 अगस्त को श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में भारतीय टीम के लिए अपना टेस्ट पदार्पण किया था।
रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए मध्य प्रदेश की पूरी टीम:
शुभम शर्मा (कप्तान), हर्ष गवली (विकेटकीपर), हिमांशु मंत्री (विकेटकीपर), यश दुबे, चंचल राठौर, हिमांशु शिंदे, अथर्व महाजन, सारांश जैन, कुमार कार्तिकेय, शिवांग कुमार, आर्यन पांडेय, अनुभव अग्रवाल, रोशन केवट, अक्षय शर्मा, आवेश खान, कुलदीप सेन और रवि किरण।
गेंदबाजी मजबूत, लेकिन बैटिंग में दो बड़े झटके
सारांश जैन, कुलदीप सेन और आवेश खान के टीम में होने से निश्चित तौर पर गेंदबाजी यूनिट में मजबूती मिलेगी। लेकिन यह ध्यान रखना जरूरी है कि टीम के अहम बल्लेबाज जिसमें खुद नियमित कप्तान रजत पाटीदार आते हैं वे बाहर हैं। उनकी इंडिया ए टीम में वापसी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। मध्य प्रदेश के लिए पाटीदार के ना होने से एक झटका लगा है और दूसरा झटका वेकटेश अय्यर की अनुपस्थिति के कारण भी लगा है। ये दोनों बल्लेबाज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम का हिस्सा हैं। ये दोनों प्लेयर इंदौर से ताल्लुक रखते हैं और वर्तमान मध्य प्रदेश क्रिकटे टीम की रीढ़ की हड्डी माने जाते हैं। इनके ना होने से निश्चित पर टीम थोड़ी बहुत कमजोर होगी। साल 2022 से मध्य प्रदेश की रणजी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। 20 ओवर और 50 ओवर के टूर्नामेंट में भी टीम का बेहतर प्रदर्शन रहा है।



