
उनका आस-पास होना शानदार; कुलदीप यादव ने की रविंद्र जडेजा की तारीफ
वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल की है। इस तरह उसने 2 टेस्ट मैच की सीरीज में मेहमान टीम का सफाया कर दिया। मैच में 8 विकेट लेने वाले रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद यादव ने रविंद्र जडेजा की जमकर तारीफ की।
भारत ने दूसरे टेस्ट में भी वेस्टइंडीज को हराकर सीरीज 2-0 से जीत ली है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत की ये पहली टेस्ट सीरीज जीत है। दिल्ली टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन भारत को जीत के लिए 58 रन की दरकार थी जिसे पहले ही सेशन में हासिल कर लिया। पहली पारी में 5 विकेट समेत मैच में 8 विकेट लेने वाले कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। मैच के बाद कुलदीप यादव ने जडेजा की जमकर तारीफ की और कहा कि मुश्किल हालात में उन्हें हमेशा उनसे कीमती सलाह मिलती है।

पोस्ट-मैच प्रजेंटेशन के दौरान कुलदीप यादव ने रविंद्र जडेजा को लेकर कहा, 'जडेजा का आस-पास होना शानदार है, कठिन हालात में वह हमेशा मुझे गाइड करते हैं।'
विकेट के बारे में कलाई के स्पिनर ने कहा, ‘ये विकेट पहले टेस्ट से बिल्कुल अलग था। बहुत ज्यादा ओवर फेंकना चुनौती थी लेकिन मैंने इसका लुत्फ उठाया। विकेट बहुत सूखा था। बैक टू बैक खेलना हमेशा मजेदार होता है। मुझे गेंदबाजी करने में काफी मजा आया।’
पोस्ट-मैच प्रजेंटेशन के बाद भी ब्रॉडकास्टर से बातचीत में कुलदीप ने जडेजा की दिल खोलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैं कभी अच्छा प्रदर्शन करता हूं तो वह उसकी तारीफ नहीं करते बल्कि हमेशा फोकस बनाए रखने को कहते हैं। कुलदीप ने इंग्लैंड दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे किसी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। इससे उनका ध्यान क्रिकेट से हट सकता था लेकिन जडेजा ने उन्हें सलाह दी कि सीखते रहो। कुलदीप ने कहा कि उन्हें जडेजा से काफी कुछ सीखने को मिलता है। उनका आस-पास होना बहुत मददगार है।
दिल्ली टेस्ट में कुलदीप यादव के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने पहली पारी में 82 रन देकर 5 विकेट झटके। टेस्ट मैचों में यह उनका पांचवां 5 विकेट हॉल था। दूसरी पारी में भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी की और 104 रन देकर 3 विकेट झटके। इस तरह पूरे मैच में उन्होंने कुल 8 विकेट लिए।




