ICC टेस्ट रैंकिंग: बुमराह की बादशाहत बरकरार, टॉप-10 में यशस्वी; शुभमन गिल का हुआ फायदा
Latest ICC Test Rankings: भारत के धाकड़ पेसर जसप्रीत बुमराह की ताजा आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में बादशाहत बरकरार है। वहीं, यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल बल्लेबाजों की सूची में टॉप-10 में हैं।

भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जसप्रीत बुमराह ने बुधवार को जारी आईसीसी की लेटेस्ट टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजों की सूची में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल बल्लेबाजों की सूची में क्रमश: आठवें और नौवें स्थान पर हैं जबकि इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट 880 अंक के साथ शीर्ष पर हैं। जायसवाल के 750 अंक हैं। कप्तान गिल को एक स्थान का फायदा हुआ है और उनके 730 अंक हैं। हैरी ब्रूक इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं जबकि उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ का नंबर आता है।
भारत ने 2026 में एक भी टेस्ट नहीं खेला
भारत ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तहत 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है। टीम ने अपनी पिछली सीरीज स्वदेश में नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली थी। गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर चल रहे बुमराह के 879 अंक हैं। इस सूची में अगला सर्वश्रेष्ठ भारतीय गेंदबाज मोहम्मद सिराज हैं जो 12वें पायदान पर हैं। रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव क्रमश: 14वें और 15वें स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और टेस्ट कप्तान पैट कमिंस एक-एक स्थान के फायदे से क्रमश: दूसरे और चौथे पायदान पर हैं। न्यूजीलैंड के मैट हेनरी तीसरे स्थान पर हैं।
भारत ICC वनडे रैंकिंग में नंबर-1 टीम
भारत ने हाल ही में आईसीसी की पुरुषों की वनडे टीम रैंकिंग के सालाना अपडेट के बाद अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा जबकि मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है। सोमवार को जारी बयान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने कहा, ''सालाना अपडेट के बाद आईसीसी की पुरुषों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम रैंकिंग में भारत शीर्ष पर बना हुआ है। वह दूसरे स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड (113 अंक) से महज पांच अंक के मामूली अंतर से आगे है जबकि ऑस्ट्रेलिया (109 अंक) तीसरे स्थान पर बरकरार है और शीर्ष तीन टीम में शामिल है।'' भारत को एक रेटिंग अंक का नुकसान हुआ है और उसके खाते में 118 अंक हैं।
पाकिस्तान टीम चौथे स्थान पर खिसकी
सालाना रैंकिंग अपडेट में मई 2025 के बाद खेले गए मुकाबलों को पूरा भार (100 प्रतिशत) दिया जाता है जबकि पिछले दो वर्षों के नतीजों को आधा भार (50 प्रतिशत) दिया जाता है। दक्षिण अफ्रीका 102 अंक के साथ पाकिस्तान (98) को पछाड़कर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। शीर्ष 10 में बाकी टीम की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। श्रीलंका (96), अफगानिस्तान (93) और इंग्लैंड (89) शीर्ष आठ में शामिल अन्य टीम हैं। बांग्लादेश 84 अंक के साथ नौवें स्थान पर है जबकि वेस्टइंडीज के अब 74 अंक हैं। वेस्टइंडीज पिछले अपडेट में बांग्लादेश से छह अंक से पीछे था लेकिन अब यह अंतर बढ़कर 10 अंक हो गया है।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



