भारतीय टीम में नहीं हुआ चयन, क्रुणाल पांड्या का इंस्टा स्टोरी में छलका दर्द, लिखा- उम्मीद जिंदा है
भारतीय टीम में चयनित ना होने के बाद क्रुणाल पांड्या ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से अपने दिल की बात कही है। लिखा है कि उम्मीद अभी भी जिंदा है।

अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस टीम के घोषित होने से पहले चर्चा थी कि क्रुणाल पांड्या को शामिल किया जा सकता है। हालांकि, जब टीम का ऐलान हुआ तब उनका नाम अंतिम 15 में नहीं था। इस खबर के सामने आने के बाद लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर चल रहे लेकिन आईपीएल में दमदार प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।
सकारात्मक नजर आए क्रुणाल पांड्या
क्रुणाल पांड्या टीम में शामिल ना होने के बाद भी सकारात्मक नजर आए हैं। उन्होंने टीम घोषित होने के अगले ही घंटे में सबकुछ कन्फर्म कर लेने के बाद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी साझा की है। इस स्टोरी में हार्दिक पांड्या के भाई ने लिखा है कि- "उम्मीद अभी भी जिंदा है।" इसका सीधा मतलब यह है कि क्रुणाल पांड्या ने टीम में चयनित ना होने के झटके से हार नहीं मानी है। उन्होंने उम्मीद बरकरार रखी है और मेहनत करना जारी रखेंगे। क्रुणाल पांड्या बीते दो सीजन से आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का हिस्सा हैं और दोनों ही सीजन में उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया है। आरसीबी को बैक टू बैक ट्रॉफी जिताने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है।
ऐसा है उनका अब तक का करियर
क्रुणाल पांड्या ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई 2021 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। उन्हें भारतीय टीम से बाहर हुए पूरे पांच साल हो गए हैं। उनके करियर की बात करें तो टी-20 क्रिकेट में 2018 में डेब्यू करने के बाद क्रुणाल पांड्या ने कुल 19 टी-20 मैच खेले, जिसकी 10 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 130.53 की स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए 124 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 19 पारियों में गेंदबाजी की जिसमें 15 विकेट 8.11 की इकोनॉमी के साथ लिए। उन्होंने साल 2021 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया जिसके बाद कुल 5 मैच खेले। चार मैचों में बल्लेबाजी करते हुए 130 रन 65 की औसत से बनाए। पांच पारियों में गेंदबाजी की जिसमें 2 विकेट हासिल किए। आईपीएल करियर की बात करें तो क्रुणाल पांड्या ने अब तक कुल 158 आईपीएल मैच खेले, जिसकी 126 पारियों में 1974 रन 133 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ बनाए। साथ ही उन्होंने 147 पारियों में गेंदबाजी की जिसमें 107 विकेट 7.57 की इकोनॉमी से लिए हैं।
अफगानिस्तान सीरीज के लिए घोषित की गई भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी*, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर*, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा*
नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर को फिटनेस से जुड़ी मंजूरी के अधीन रखा गया है। अगर वे पूरी तरह से फिट होते हैं तभी मैच खेल सकेंगे।



