
व्हाइट बॉल में क्यों नहीं चल रहा शुभमन गिल का बल्ला, श्रीकांत-कैफ ने खोज निकाली कमी
श्रीकांत और मोहम्मद कैफ का मानना है कि युवा कप्तान शुभमन गिल पूरे साल लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं, जिसकी वजह से उनके प्रदर्शन पर असर पड़ रहा है। गिल व्हाइट बॉल क्रिकेट में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।
शुभमन गिल के लिए बतौर कप्तान वनडे क्रिकेट की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं गिल के बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं। शुभमन गिल ने टेस्ट क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन किया है लेकिन व्हाइट बॉल क्रिकेट में वह रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बतौर कप्तान टेस्ट में शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में पांच मैचों में 750 रन और चार शतक लगाए। टी20 एशिया कप में वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और बतौर उपकप्तान सात पारियों में 127 रन ही बना सके। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे में गिल ने 43 रन बनाए।

भारत के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने शुभमन गिल के हालिया खराब प्रदर्शन का कारण उनके अत्यधिक 'ऑल-फॉर्मेट वर्कलोड' (सभी प्रारूपों में काम का बोझ) और दो फॉर्मेट में कप्तानी का दबाव बताया है। मोहम्मद कैफ ने इस बात पर जोर दिया कि एक युवा खिलाड़ी के लिए इतनी कम उम्र में लगातार तीन प्रारूपों में खेलना और साथ ही कप्तानी की जिम्मेदारी संभालना शारीरिक और मानसिक रूप से थकाने वाला हो सकता है।
मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''उन्होंने काफी मैच खेले हैं। उन्हें अलग-अलग फॉर्मेट में पारी की शुरुआत करनी होती है और कप्तानी भी। फिर आईपीएल की कप्तानी भी है। नीलामी होने वाली है और इसके लिए गुजरात टाइटंस के साथ प्लानिंग चल रही होगी। उनके पास काफी काम है और ऐसा लग रहा है कि इससे उनकी बल्लेबाजी पर असर पड़ा है। वह मानसिक रूप से थका हुआ लग रहा था।”
श्रीकांत ने कहा, ''इंग्लैंड में प्रदर्शन करने के बाद शायद वह खुद पर काफी दबाव डाल रहे हैं। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए और अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें आज अच्छा खेला लेकिन हेजलवुड ने अच्छी गेंद डाली। शुभमन गिल के खुद आउट होने से ज़्यादा, यह एक विकेट लेने वाली गेंद थी जिसने उन्हें आउट किया। लेकिन उनकी बॉडी लैंग्वेज देखकर लगता है कि वह प्रेशर में हैं, क्योंकि उन्होंने रोहित शर्मा की जगह कप्तान का पद संभाला है, और उनके साथ ओपनिंग भी कर रहे हैं।''
शुभमन गिल सितंबर 2024 से लगातार भारतीय टीम के साथ जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने टी20 एशिया कप में हिस्सा लिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेले। अब वह ऑस्ट्रेलिया दौरे के पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का भी हिस्सा बनने वाले हैं।






