एशिया कप में भारत ने रचा इतिहास, लेकिन इस खिलाड़ी को मिली सजा, ICC ने ठोका जुर्माना
रविवार को दुबई में भारत ने 8वीं बार महिला क्रिकेट एशिया कप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। हालांकि, इस खास पल के बाद अब भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ पर आईसीसी ने आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में जुर्माना लगा दिया है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत की महिला टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ पर श्रीलंका के खिलाफ दुबई में खेले गए टी20 एशिया कप फाइनल के दौरान आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन के लिए सोमवार को उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया और एक डिमेरिट अंक दिया।
भारत ने रचा इतिहास लेकिन क्रांति को मिली सजा
भारत ने रविवार को एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर यहां आठवीं बार खिताब अपने नाम किया और इतिहास रचते हुए सुनहरे अक्षरों में अपना इस मुकाबले के दौरान क्रांति को आचार संहिता के नियम 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ''क्रांति ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के नियम 2.5 का उल्लंघन किया जो अंतरराष्ट्रीय मैच में किसी बल्लेबाज को आउट करने के बाद ऐसी भाषा, कार्रवाई या इशारे का इस्तेमाल करने से संबंधित है जो बल्लेबाज को अपमानित करे या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसा सकता हो।'' आईसीसी ने कहा, ''इसके अलावा क्रांति के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है। यह 24 महीने की अवधि में उनका पहला अपराध है।''
श्रीलंका की सलामी बल्लेबाज को क्रांति ने किए था इशारा
दाएं हाथ की तेज गेंदबाज क्रांति ने फाइनल के दौरान श्रीलंका की सलामी बल्लेबाज इमेशा दुलानी को आउट करने के बाद पवेलियन की ओर इशारा किया था। क्रांति ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी सुप्रिया रानी दास द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार किया। आईसीसी ने कहा, ''मैदानी अंपायर सलीमा इम्तियाज और शथिरा जाकिर जेसी, तीसरी अंपायर रोकेया सुल्ताना और चौथी अंपायर हुमैरा फराह ने आरोप लगाए।'' उन्होंने कहा, ''लेवल एक के उल्लंघन के लिए न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार जबकि अधिकतम सजा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक है।''
पाकिस्तान महिला टीम पर भी सेमीफाइनल के दौरान लगा जुर्माना
इस बीच पाकिस्तान की महिला टीम पर भी पिछले शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल में धीमी ओवर गति से गेंदबाजी करने के लिए मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। आईसीसी ने कहा कि पाकिस्तान की टीम निर्धारित समय में लक्ष्य से एक ओवर कम फेंका। यह सजा मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी ने दी। आईसीसी ने कहा, ''खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के न्यूनतम ओवर गति के उल्लंघन से संबंधित नियम 2.22 के तहत टीम द्वारा निर्धारित समय में एक ओवर कम फेंकने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।'' पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया।



