'मेरी क्रिकेट किट खरीदने के लिए मां ने बेचे गहने', 22 साल की बॉलर नहीं भूली बलिदान
तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं। उन्होंने जिंदगी में काफी संघर्षों का सामना किया है। वह अब परिवार को कुछ वापिस देना चाहती हैं।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नियमित सदस्य बनने के बावजूद तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ अपनी जड़ें और माता-पिता के बलिदान नहीं भूली हैं। वह महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करके उनके भरोसे पर खरी उतरना चाहती हैं। मध्यप्रदेश के एक छोटे से गांव की रहने वाली गौड़ ने बताया कि एक क्रिकेट किट खरीदने के लिए उनकी मां ने अपने गहने बेच दिए थे।
'अगर आपका परिवार आपके साथ है तो…'
22 वर्षीय गौड़ ने जियोस्टार से कहा, ''अगर आपका परिवार आपके साथ है तो दूसरे क्या कहते हैं, यह मायने नहीं रखता। ये बाहरी लोग आपकी मदद नहीं करते। मैं अपने परिवार की शुक्रगुजार हूं जो हर कदम पर मेरे साथ रहा क्योंकि समस्याएं बहुत थीं। हमेशा पैसे की तंगी रहती थी।'' उन्होंने कहा, ''मुझे एक क्रिकेट किट दिलाने के लिए मेरी मां ने गहने बेच दिए थे। वह बहुत बड़ा बलिदान था। मेरा परिवार मेरे लिए काफी कुछ कर रहा था जिसने मुझे जिम्मेदारी का अहसास कराया। मैं उन्हें कुछ वापिस देना चाहती हूं। मैं चाहती हूं कि उनके हर बलिदान का फल मिले।''
'जिस समय कई लड़कियों को घर से बाहर…'
गौड़ ने कहा, ''जिस समय कई लड़कियों को घर से बाहर निकलने की भी अनुमति नहीं थी, मेरे परिवार ने मुझे कभी महसूस नहीं होने दिया कि मैं कुछ गलत कर रही हूं। उन्होंने मेरे सपनों पर भरोसा किया।'' उन्होंने कहा, ''इससे मुझे लगातार अच्छा खेलने और लक्ष्य हासिल करने की ताकत मिली। जब परिवार आपके साथ होता है तो बाहरी दुनिया को अनदेखा करना आसान हो जाता है।'' गौड़ की कामयाबी के बाद अब उनके गांव में क्रिकेट अकादमी खुल गई है और लड़कियां खेलों में कैरियर बना रही हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नहीं खेलीं गौड़
भारतीय टीम को हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के हाथों छह विकेट से हार झेलनी पड़ी, जिसमें गौड़ प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थीं। मारिजाने काप ने जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 45 गेंद में 81 रन की नाबाद पारी खेली, जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.1 ओवर में चार विकेट पर 161 रन बनाकर दूसरी जीत दर्ज की। 'प्लेयर ऑफ द मैच' काप ने इससे पहले गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके। उन्होंने अपनी पारी के दौरान सात चौके और चार छक्के जमाए। स्थानापन्न फील्डर राधा यादव ने दो बार काप का कैच छोड़ा। बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने चार ओवर में एक मेडन से 24 रन देकर तीन विकेट झटके।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



