Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़koi mama chacha ka rishta to hai nahi kkr cricketer manvinder bisla defends gautam gambhir and harshit rana
कोई मामा चाचा का रिश्ता तो है नहीं...गंभीर-हर्षित राणा के बचाव में उतरा पूर्व क्रिकेटर

कोई मामा चाचा का रिश्ता तो है नहीं...गंभीर-हर्षित राणा के बचाव में उतरा पूर्व क्रिकेटर

संक्षेप: केकेआर से जुड़े हर्षित राणा को लगातार मौके देने के लिए भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर पर पक्षपात के आरोप लगते रहे हैं। आलोचक दोनों के कोलकाता नाइट राइडर्स से कनेक्शन को आधार बनाकर आरोप लगाते हैं। इस बीच पूर्व क्रिकेटर मनविंदर बिसला ने भारतीय कोच का पुरजोर बचाव किया है।

Wed, 12 Nov 2025 10:18 AMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर बैटिंग ऑर्डर में मनमाने बदलाव, स्पेशलिस्ट बोलर्स के ऊपर ऑलराउंडर्स को तरजीह देने के अलावा अगर किसी बात के लिए चर्चा में रहते हैं तो वो है हर्षित राणा को लगातार मौके देने के लिए। टी20 के बाद अब वह राणा को वनडे में भी आजमा रहे हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर तमाम मीम्स बनते हैं। गंभीर पर पक्षपात के आरोप लगते हैं। आंकड़ों में राणा से भी दमदार युवा गेंदबाजों को मौका नहीं मिलने और केकेआर के इस गेंदबाज को लगातार मौके मिलने को लेकर सवाल उठते रहे हैं। आलोचक गंभीर और राणा दोनों के कोलकाता नाइट राइडर्स से कनेक्शन को आधार बनाकर आरोप लगाते हैं। इस बीच पूर्व क्रिकेटर और केकेआर में गंभीर के साथ खेल चुके विकेटकीपर बल्लेबाज मनविंदर बिसला ने भारतीय कोच का पुरजोर बचाव किया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बिसला ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि सोशल मीडिया पर पक्षपात का नैरेटिव इस आधार पर बनाया गया है कि राणा और गंभीर दोनों ही केकेआर के सेटअप का हिस्सा रहे हैं। बिसला ने पक्षपात के आरोपों को खारिज करते हुए आलोचकों को हर्षित राणा के प्रदर्शन पर गौर करने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि गौतम गंभीर और हर्षित राणा रिश्तेदार थोड़े हैं। कोई चाचा, मामा तो है नहीं।

बिसला ने कहा, 'जो हर्षित राणा का विरोध कर रहे हैं वे निश्चित तौर पर केकेआर के फैन नहीं हैं। मैं ये ईमानदारी से कह रहा हूं। हर कोई इसे इस रूप में जोड़ रहा है कि गौतम का केकेआर बैकग्राउंड है और इसलिए वह हर्षित का सपोर्ट कर रहे हैं। कोई मामा चाचा का रिश्ता तो है नहीं। हर कोई सोचता है कि इसमें केकेआर का ही एंगल होगा।'

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में हर्षित राणा के दमदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए बिसला ने कहा कि उसका दमदार प्रदर्शन रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन में कहीं दबकर रह गया। उन्होंने कहा, 'भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सिडनी में हराया। सोशल मीडिया पर हर इन्फ्लुएंस ने चाहे वे क्रिकेटर हों, गैरक्रिकेटर हों, हर किसी ने RoKo (रोहित शर्मा और विराट कोहली) के बारे में बात की। क्या किसी ने हर्षित के बारे में बात की? अगर उसने नींव नहीं रखी होती तो क्या वो मुमकिन होता? हो सकता है कि रो-को तब भी हमारे लिए मैच जिता देते लेकिन किसी और ने मैच को सेट किया। अगर किसी ने हर्षित के बारे में वीडियो बनाया होता तो क्या उसे उतने व्यूज मिलते?'

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में हर्षित राणा भारत की तरफ से सबसे सफल गेंदबाजों में थे। दूसरे मैच में तो उन्होंने बल्ले से भी अपना जौहर दिखाया जब उन्होंने 33 गेंद में 35 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में भारत की जीत में उनकी बड़ी भूमिका रही। उन्होंने मैच में 4 विकेट हासिल किए थे।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |