शतक लगाकर M.S धोनी और युवराज सिंह के नायाब क्लब में शामिल हुए KL राहुल, नंबर 5 पर किया कमाल
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में लोकेश राहुल ने शतक जड़ दिया है। उन्होंने अपनी 129 रनों की पारी के साथ महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह के खास क्लब में एंट्री भी कर ली है। 80 गेंदों में लगाया गया यह शतक उनके वनडे करियर का सबसे तेज शतक है।

शनिवार, 3 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे तीसरे और आखिरी वनडे मैच में भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज लोकेश राहुल ने शानदार शतक जड़ा है। उन्होंने न्यू चंडीगढ़ में खेल जा रहे इस मुकाबले में 80 गेंदों में शतक जड़ा है, जो उनके वनडे करियर का अब तक का सबसे तेज शतक है। लोकेश राहुल ने आज के मैच में नाबाद 129 रनों की पारी खेली। राहुल ने 87 गेंदों में 129 रनों की पारी 10 चौके और 6 छक्कों की मदद से खेली। उन्होंने 148.28 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। लोकेश राहुल का यह वनडे क्रिकेट में 9वां शतक है। पूरे वनडे करियर में उनके द्वारा लगाए गए सभी शतकों में यह सबसे तेज शतक है।
इस शानदार शतक के साथ लोकेश राहुल ने युवराज सिंह और महेंद्र सिंह धोनी के खास क्लब में भी एंट्री कर ली है। भारत के लिए वनडे क्रिकेट में नंबर 5 पर बैटिंग करते सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में वे तीसरे स्थान पर आ गए हैं। उनसे पहले सिर्फ युवराज सिंह और महेंद्र सिंह धोनी हैं। चौथे स्थान पर भी महेंद्र सिंह धोनी का ही नाम है।
वनडे क्रिकेट में भारत के लिए नंबर पांच पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में युवराज सिंह पहले स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में 139 रनों की पारी खेली थी। इस सूची में दूसरे स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी का नाम है। धोनी ने नंबर पांच पर बैटिंग करते हुए साल 2017 में कटक के बाराबती स्टेडियम में 134 रनों की पारी इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी। केएल राहुल इस सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं। लोकेश राहुल ने 3 अक्टूबर 2026 को नंबर पांच पर बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में नाबाद 129 रनों की पारी खेल दी है। महेंद्र सिंह धोनी सूची में दूसरे के बाद चौथे स्थाान पर भी हैं। उन्होंने साल 2009 में नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 124 रनों की पारी खेली थी।
भारत के लिए ODI में नंबर पांच पर बैटिंग करते सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बैटर
139 युवराज सिंह बनाम ऑस्ट्रेलिया, सिडनी 2004
134 एमएस धोनी बनाम इंग्लैंड, कटक 2017
129* केएल राहुल बनाम वेस्टइंडीज़, नया चंडीगढ़ 2026
124 एमएस धोनी बनाम ऑस्ट्रेलिया, नागपुर 2009
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 351 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है। लोकेश राहुल के शतक के अलावा आज के मैच में रोहित शर्मा ने 92 और ऋतुराज गायकवाड़ ने 57 रनों की पारी खेली। विराट कोहली 0 और शुभमन गिल 1 रन बनाकर आउट हुए। नमनधीर ने 30 और अंशुल कंबोज ने 17 रन बनाए। भारत सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त ले चुका है।



