केएल राहुल ने ‘विनिंग सिक्स’ लगाते ही तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड, अब इस मामले में सिर्फ एमएस धोनी उनके आगे
केएल राहुल ने छक्का लगाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारत को जीत दिलाई। राहुल इसी के साथ भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा विनिंग सिक्स लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ा है।
केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में एक बार फिर मैच फिनिश करने में अहम भूमिका निभाई। राहुल ने वड़ोदरा में खेले गए इस मुकाबले में 21 गेंदों पर 29 रनों की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 1 गगनचुंबी छक्का लगाया। यह सभी बाउंड्री उन्होंने पारी के 49वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर लगाकर मैच को फिनिश किया। केएल राहुल का मैच खत्म करने का अंदाज स्टाइलिश रहा। उन्होंने छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। इस विनिंग सिक्स के साथ केएल राहुल ने विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
यह रिकॉर्ड है बतौर भारतीय वनडे क्रिकेट में ‘विनिंग सिक्स’ लगाने का। विराट कोहली ने अपने करियर में यह कारनामा 5 बार किया है, वहीं राहुल ने 6ठी बार विनिंग सिक्स लगाकर कोहली को पछाड़ दिया है। केएल राहुल इसी के साथ वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा विनिंग सिक्स लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
इस लिस्ट में पहले नंबर पर उस खिलाड़ी का नाम है, जिसे दुनिया का बेस्ट फिनिशर कहा जाता है। जी हां, एमएस धोनी…माही ने अपने करियर में कुल 9 बार विनिंग सिक्स लगाकर भारत को वनडे मैच जीताया है। राहुल और धोनी के बीच अब सिर्फ तीन विनिंग सिक्स का अंतर रह गया है।
ODI में सबसे ज्यादा बार विनिंग सिक्स लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी
9 बार - एमएस धोनी
6 बार - केएल राहुल*
5 बार - विराट कोहली
2 बार - हरभजन सिंह
1 बार - सचिन तेंदुलकर
1 बार - श्रेयस अय्यर
1 बार - संजू सैमसन
1 बार - अक्षर पटेल
1 बार - रोहित शर्मा
1 बार - युवराज सिंह
1 बार - रवि अश्विन
1 बार - रवींद्र जडेजा
1 बार - सौरभ तिवारी
(2001 से आंकड़े)
बात मैच की करें तो, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 300 रन बोर्ड पर लगाए। डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोलस के बीच पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी हुई थी, उस समय ऐसा लग रहा था कि कीवी टीम आसानी से 350 का स्कोर पार कर सकती है, मगर मिडिल ऑर्डर के खराब प्रदर्शन की वजह से टीम 300 पर ही रुक गई। डेरिल मिशेल ने 84 रनों की सर्वाधिक पारी खेली।
301 के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत नहीं मिली, रोहित शर्मा 26 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद कप्तान शुभमन गिल का साथ देने आए विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। गिल ने 56 तो कोहली ने 93 रन बनाए। नंबर-4 पर आकर श्रेयस अय्यर ने भी 49 रनों की पारी खेली। भारत के लिए इस टारगेट को हर्षित राणा ने भी 29 रनों की पारी खेलकर आसान बनाया। वहीं केएल राहुल ने नाबाद 29 रन बनाकर मैच फिनिश किया।

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें




