केएल राहुल वेस्टइंडीज सीरीज में बनेंगे उपकप्तान? पंत का इससे मुकाबला, हार्दिक को लेकर एक दिलचस्प पहलू

नई दिल्ली, पीटीआई
Follow us on Google News
share

केएल राहुल भारत बनाम वेस्टइंडीज सीरीज में उपकप्तानी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। ऋषभ पंत का दूसरे विकेटकीपर के ध्रुव जुरेल से मुकाबला है। वहीं, हार्दिक पांड्या को लेकर एक दिलचस्प पहलू है।

KL Rahul Rishabh Pant and Hardik Pandya
केएल राहुल, ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या (फाइल फोटो)

अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैच की आगामी वनडे सीरीज के लिए भारत का उपकप्तान बनाया जा सकता है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे अभियान की शुरुआत तिरुवनंतपुरम से करेगी। इसके बाद दूसरा मुकाबला 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा मैच तीन अक्टूबर को मुल्लांपुर में खेला जाएगा। वेवेस्टइंडीज सीरीज और ईरानी कप के लिए भारतीय टीम का चयन 16 सितंबर को नई दिल्ली में किया जाना है। इससे एक दिन पहले अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा। चयनकर्ताओं के प्रमुख अजीत अगरकर इस मुकाबले को देखने के लिए मौजूद रहेंगे।

पंत और जुरेल के बीच मुकाबला

दिलचस्प बात यह है कि अगरकर के निर्धारित अनुबंध की अवधि में यह चयन बैठक उनका आखिरी काम होगा। उनका अनुबंध चार अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। अगरकर अपने अनुबंध को एक और साल के लिए बढ़ाने के पात्र हैं, लेकिन फिलहाल बीसीसीआई ने उनके भविष्य को लेकर चुप्पी साध रखी है। समझा जाता है कि एशियाई खेलों की तारीखें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से टकरा रही हैं। ऐसे में नियमित 50 ओवर के उपकप्तान श्रेयस अय्यर उपलब्ध नहीं होंगे क्योंकि वह जापान में टी20 टीम की अगुआई कर रहे होंगे। वहीं, ईशान किशन भी एशियाई खेलों की टीम में होंगे। ऐसे में राहुल के बाद दूसरे विकेटकीपर के स्थान को लेकर चर्चा होगी। इस स्थान के लिए ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के बीच मुकाबला है।

'कप्तान की राय महत्वपूर्ण होगी'

चयन प्रक्रिया से जुड़े बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ''यह पंत और जुरेल के बीच चयन है। जाहिर तौर पर मुख्य कोच और कप्तान की राय महत्वपूर्ण होगी।'' समझा जाता है कि अगर पंत को दूसरे विकेटकीपर के रूप में नहीं चुना जाता है तो वह श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ ईरानी कप में शेष भारत की टीम की कप्तानी करेंगे। अगर पंत को भारतीय टीम में चुना जाता है, तो जुरेल शेष भारत की टीम की कप्तानी कर सकते हैं। उन्होंने हाल में श्रीलंका में भारत ए की कप्तानी की थी। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के लिए वनडे टीम में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर चुनना मुश्किल हो सकता है जब तक कि हार्दिक पांड्या को फिट घोषित नहीं कर दिया जाता।

'यह दिलचस्प होगा कि हार्दिक...'

हार्दिक को भारत ए टीम में चुना गया है। बीसीसीआई 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' से जुड़े सूत्रों के अनुसार, उनके 20 सितंबर से प्रतिस्पर्धी सफेद गेंद क्रिकेट खेलने के लिए फिट होने की उम्मीद है। सूत्र ने कहा, ''चयनकर्ताओं ने हार्दिक को छह अक्टूबर से पुडुचेरी में होने वाले भारत ए के वनडे मैचों के लिए चुना है। हालांकि वेस्टइंडीज वनडे तीन अक्टूबर को समाप्त हो जाएंगे। यह देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक को वेस्टइंडीज वनडे के लिए चुना जाता है या नहीं। '' हालांकि, तेज गेंदबाजी आक्रमण में स्थिति स्पष्ट नजर आ रही है। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव सभी फिट हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं। श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में ऋतुराज गायकवाड़ के चुने जाने की संभावना है।

सरफराज के चुने जाने की संभावना

कई रिजर्व खिलाड़ियों के चोटिल होने से भी चयन समिति के लिए टीम चुनने की प्रक्रिया मुश्किल हो रही है। खासकर ऑलराउंडरों के विकल्प फिलहाल सीमित हैं। इस समय चोटिल खिलाड़ियों की सूची में हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, मोहसिन खान, वेंकटेश अय्यर, हर्षित राणा और शाहबाज अहमद शामिल हैं। ये सभी सीनियर टीम, भारत ए या ईरानी कप में चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। इन सभी खिलाड़ियों का बेंगलुरु स्थित 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में 'रिहैबिलिटेशन' चलेगा। मुंबई के अनुभवी घरेलू क्रिकेटर सरफराज खान के शेष भारत टीम में चुने जाने की संभावना है जिन्हें ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली थी। दिल्ली के युवा बल्लेबाज सनत संगवान और आयुष दोसेजा के भी शेष भारत टीम का हिस्सा बनने की उम्मीद है। उनके साथ रविचंद्रन स्मरण को भी टीम में शामिल किया जा सकता है।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। IND vs Pak Live के पल-पल के स्कोर और अपडेट्स भी यहीं पाएं। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़केएल राहुल वेस्टइंडीज सीरीज में बनेंगे उपकप्तान? पंत का इससे मुकाबला