शतक जड़ने के बाद बुरी तरह फेल हुए KL राहुल, रणजी ट्रॉफी में दो पारी मिलाकर नहीं बना सके 5 से अधिक रन
वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी मैच में शतक जड़ने वाले लोकेश राहुल रणजी ट्रॉफी में बुरी तरह फेल हुए हैं। विजयवाड़ा में खेले जा रहे मुकाबले में आंध्रप्रदेश के खिलाफ दोनों पारियां मिलाकर वे पांच से अधिक रन नहीं बना सके हैं। उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 1 रन बनाया है।

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के सीजन की शुरुआत 11 अक्टूबर 2026 से हो गई है। इसका पहला राउंड 11 अक्टूबर से 14 अक्टूबर के बीच खेला जा रहा है। यह रणजी ट्रॉफी का 92वां सीजन है। इस सत्र में 38 टीमें हिस्सा ले रही हैं और कुल 138 मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय टीम के टेस्ट मैचों के स्टार सलामी बल्लेबाज और वनडे क्रिकेट में फिनिशर की भूमिका निभाने वाले लोकेश राहुल भी रणजी ट्रॉफी का मैच खेल रहे हैं। वे कर्नाटक की टीम का हिस्सा हैं। मंगलवार को खेल के तीसरे दिन कर्नाटक ने अपनी दूसरी पारी शुरू कर दी है। कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का बल्ला ना तो पहली पारी में चला है और ना दूसरी पारी में ही उनके बल्ले से रन निकले हैं। दोनों पारियां मिलाकर उनके बल्ले से इतने रन भी नहीं निकले हैं की दहाई का आंकड़ा पार कर सकें। वे पांच से अधिक रन नहीं बना सके हैं। पहली पारी में चार रन बनाए और दूसरी पारी में 1 रन खाते में जोड़े। यानी कुल पांच रन दोनों पारियों को मिलाकर बना सके हैं।
हाल ही में भारत बनाम वेस्टइंडीज तीन मैचों की संपन्न हुई वनडे शृंखला के आखिरी मैच में केएल राहुल ने शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने उस मुकाबले में 87 गेंदों में 129 रनों की नाबाद पारी खेली थी। राहुल ने 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था जो उनके वनडे करियर की अब तक की सबसे तेज सेंचुरी थी। अपने आखिरी प्रोफेशनल मैच में शतक जड़ने के बाद रणजी ट्रॉफी में उतरे केएल राहुल से कर्नाटक के कप्तान और टीम मैनेजमेंट ने जरूर उम्मीद की होगी कि वे बड़ी पारी खेलें, लेकिन उनका बल्ला खामोश रहा और रन नहीं बना सके।
शतक जड़ने के बाद बुरी तरह फेल हुए राहुल
डॉ. गोकाराजू लयाला गंगाराजू एसीए क्रिकेट ग्राउंड, विजयवाड़ा में आंध्रप्रदेश और कर्नाटक के बीच खेले जा रहे मुकाबले में कर्नाटक के कप्तान स्मरण रविचंद्रन ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला कुछ हद तक सही साबित हुआ। कर्नाटक ने अपनी पहली पारी में कप्तान के शतक की मदद से कुल 274 रन बनाए। स्मरण रविचंद्रन ने इस पारी में 126 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा कृष्णन श्रीजीत ने 58 रनों की पारी खेली। माधव बजाज ने 33 और शिखर शेट्टी, मानवंथ कुमार ने 13-13 रन बनाए। इन पांच बल्लेबाजों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं पार कर पाया। स्टार बल्लेबाज केएल राहुल 11 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। एक समय पर इंडियन टेस्ट टीम के सलामी बल्लेबाज रहे मयंक अग्रवाल ने सिर्फ 8 गेंदों में 5 रन बनाए। करुण नायर के बल्ले से 19 गेंदों में 8 रन निकले।
कर्नाटक की पहली पारी में 274 रनों के जवाब में आंध्रप्रदेश ने भारी भरकम स्कोर खड़ा कर दिया। इस टीम ने 121 ओवर से अधिक की बल्लेबाजी करते हुए 418 रन बना दिए और 144 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। इस बढ़त को कम करने के लिए कर्नाटक की टीम दूसरी पारी में उतरी लेकिन एक बार फिर लोकेश राहुल का बल्ला खामोश रहा। उन्होंने इस पारी में 20 गेंदों का सामना किया लेकिन सिर्फ 1 रन ही बना सके। राहुल को सौरव कुमार ने पगबाधा आउट किया। फिलहाल खेल के तीसरे दिन कर्नाटक की बल्लेबाजी जारी है और उसने 92 रन तीन विकेट के नुकसान पर बना लिए हैं। मयंक यादव 18 और अनीश 6 रन बनाकर आउट हुए। कर्नाटक अभी भी पहली पारी की बढ़त के आधार पर आंध्र से पिछड़ रहा है।



