मुझे नहीं लगता कि कोई समस्या है, वरुण चक्रवर्ती को मिला KKR कोच अभिषेक नायर का सपोर्ट
कोलकाता के कोच अभिषेक नायर ने खराब फॉर्म से जूझ रहे वरुण चक्रवर्ती का सपोर्ट किया है। उनका मानना है कि वरुण पहले भी ऐसी मुश्किलों से उबर चुके हैं और इस बार भी वह इसे पार पा लेंगे।

कोलकाता नाइट राइडर्स के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का समर्थन करते हुए कहा कि यह तय है कि खराब फॉर्म से जूझ रहा यह स्पिनर कुछ मुकाबलों में लगातार निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद अपनी पुरानी लय हासिल कर लेगा। चक्रवर्ती की हालिया खराब फॉर्म चर्चा का विषय बन गई हैं लेकिन नायर का कहना है कि यह स्पिनर मानसिक रूप से मजबूत है और अपने करियर के एक और मुश्किल दौर से उबरने में सक्षम है।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाइट राइडर्स के पहले घरेलू मैच की पूर्व संध्या पर नायर ने कहा, ''पिछले कुछ वर्षों में उसे कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। एक फ्रेंचाइजी के तौर पर, एक सहयोगी स्टाफ के तौर पर हम उसका समर्थन करते हैं। मुझे नहीं लगता कि कोई समस्या है।''
उन्होंने कहा, ''लेकिन हां, दूसरी टीमें उसके खिलाफ अच्छा खेल रही हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि वह वापसी नहीं कर सकता। इसका मतलब बस इतना है कि यह उसकी जिदगी में एक और चुनौती है, जैसी उसे पहले भी मिली हैं।'' नायर ने कहा, ''और हम कोशिश कर रहे हैं, हम उम्मीद कर रहे हैं और हर तरह से उसका समर्थन कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि दुनिया भर के प्रशंसक भी ऐसा ही करेंगे। चाहे यह मैच हो या भविष्य में कोई और मैच, यह तय है कि वह वापसी करेगा जैसा उसने पहले भी किया है।''
हालांकि आंकड़े चिंता की ओर इशारा करते हैं। चक्रवर्ती के लिए टी20 विश्व कप काफी मुश्किल रहा। उन्होंने 14 विकेट लेने के बावजूद (जो जसप्रीत बुमराह के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक थे) 9.24 की इकोनॉमी रेट से रन दिए। उनकी मुश्किलें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से शुरू हुईं जब बल्लेबाजों ने उनकी जमकर धुनाई की और उन्होंने 47 रन लुटा दिए जिसके चलते भारत को दक्षिण अफ्रीका के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा।
आईपीएल के पहले मैच में भी यही सिलसिला जारी रहा जहां मुंबई इंडियन्स के रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने उनके खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। इस स्पिनर ने बिना कोई विकेट लिए 48 रन लुटाए और नाइट राइडर्स की टीम वानखेड़े स्टेडियम पर 200 रन से अधिक के स्कोर का बचाव करने में नाकाम रही।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



